Shocking: सुहागरात पर 75 साल के दूल्हे के निकल गए प्राण, 35 वर्षीय महिला से रचाई थी शादी, लेकिन फिर..

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुछमुछ गांव में 75 वर्षीय बुजुर्ग सगरू राम ने सोमवार को 35 वर्षीय महिला मनभारती से मंदिर और कोर्ट मैरिज कर शादी की। लेकिन शादी के महज 12 घंटे बाद ही बुजुर्ग की अचानक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और नए-नवेले रिश्ते पर सवाल उठने लगे।

मंदिर और कोर्ट दोनों में हुई थी शादी

सोमवार को सगरू राम और मनभारती ने पहले मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। शादी का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बुजुर्ग खुशी-खुशी जयमाला डालते और पत्नी की मांग में सिंदूर भरते नजर आ रहे हैं। इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज भी कर ली। रात में सगरू राम अपनी नई पत्नी और उसके तीन बच्चों को लेकर घर लौटे।

शादी के बाद रात तक बातचीत, सुबह मिली लाश

मनभारती ने बताया कि रात में करीब 1 बजे तक दोनों के बीच बातचीत होती रही। सगरू राम ने बच्चों की परवरिश और जायदाद देने का भरोसा भी दिया था। रात में वह दो बेटों के साथ घर के बाहर सो गए, जबकि पत्नी और बेटी कमरे के अंदर सोई थीं। सुबह अचानक उनकी गर्दन झुक गई और चारपाई पर ही उनकी मौत हो गई।

पहली पत्नी की एक साल पहले हो चुकी थी मौत

सगरू राम की पहली शादी करीब 40 साल पहले बेलाव गांव की अनारी देवी से हुई थी, लेकिन दोनों की कोई संतान नहीं थी। एक साल पहले पत्नी की बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद वह अकेले रह रहे थे। उनके पास करीब 2 बीघा जमीन और मकान था।

मनभारती भी विधवा, तीन बच्चों की मां

मनभारती की भी पहली शादी इमलो पांडे पट्टी गांव में हुई थी। उनके पहले पति की 7 साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद वह दो बेटे और एक बेटी के साथ रह रही थीं। इसी बीच सगरू राम से उनका रिश्ता तय हुआ और दोनों ने शादी कर ली।

पत्नी ने सुनाई आखिरी रात की बातें

मनभारती ने बताया कि शादी के बाद पति ने कहा था कि उन्हें जीवन में कोई सहारा चाहिए। उन्होंने बच्चों के नाम एक-एक लाख रुपये जमा कराने और परिवार की देखभाल का भरोसा दिया था। सुबह भी वह पानी भरने और बर्तन रखने में मदद कर रहे थे। लेकिन अचानक उनकी हालत बिगड़ी और अस्पताल ले जाते वक्त डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस बोली- शिकायत मिलेगी तो होगी कार्रवाई

गौराबादशाहपुर थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि इस घटना की अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button