कृषि बिल पास होने पर किसानों ने केंद्रीय कृषि मंत्री तोमर से मुलाकात कर किया अभिनंदन

नई दिल्ली। संसद से कृषि बिल पास होने पर दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में दिल्ली के 365 गांवों के प्रतिनिधियों ने बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के आवास पर जाकर मुलाकात की और अभिनंदन किया। इस मौके पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी का भी स्वागत- सत्कार किया गया। बिधूड़ी के नेतृत्व में आए हुए किसानों ने केंद्रीय कृषि मंत्री तोमर को शॉल ओढ़ाकर और पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान किया। उनको गाय का देसी घी भी भेंट किया।

इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री तोमर ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यह देश कृषि प्रधान देश है। जब से देश में मोदी सरकार आई है किसानों के हित में ही फैसले लिए गए। उन्होंने कहा कि कृषि विधेयकों के माध्यम से किसानों की आय दोगुनी होगी और साथ ही उन्हें भूमि सुरक्षा भी दी गई। उन्होंने कहा कि हमारे देश के अन्नदाता किसान हैं और उनसे बड़ा उत्पाद कोई नहीं करता लेकिन उन्हें यह अधिकार नहीं था कि वह फसल कहां बेचेंगे, किस कीमत पर और किसे बेचेंगे। उनकी मजबूरी होती थी कि वह मंडी जाकर ही अपने उत्पाद को बेच सकते हैं लेकिन कृषि विधेयकों के माध्यम से किसानों को अपनी फसल की कीमत तय करने का पूरा अधिकार होगा।

वहीं दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बिधूड़ी ने कहा कि भारत के करोड़ों किसानों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने वाले ऐतिहासिक कृषि विधेयकों को संसद की मंजूरी मिलने पर दिल्ली प्रदेश भाजपा और दिल्ली के लाखों किसानों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय की गहराइयों से धन्यवाद है। अब किसान स्वतंत्र हैं कि वह अपने उत्पाद एमएसपी पर बेचे या फिर खुले बाजार में बेचे, अपनी उपज की कीमत वह खुद तय करेंगे, उन्हें बिचौलियों के चुंगल में नहीं फंसना पड़ेगा।

इस अवसर पर बिधूड़ी के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री और बागपत से सांसद सत्यपाल सिंह, दिल्ली भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष मुकेश मान एवं दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई किसान भी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button