मध्यप्रदेश: चुनाव आयोग आज कर सकता है विधानसभा उपचुनाव की तारीखों की घोषणा

भोपाल। निर्वाचन आयोग की मीटिंग अब से कुछ ही देर में दिल्ली में होने जा रही है। इस मीटिंग में मध्यप्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की जा सकती है। चुनाव आयोग ने बिहार चुनाव की तारीखों के ऐलान के समय मध्यप्रदेश में उपचुनाव का ऐलान नहीं किया था। चुनाव आयोग ने कहा था कि मध्यप्रदेश के उपचुनावों को लेकर 29 सितंबर की मीटिंग में फैसला लिया जाएगा।

मध्यप्रदेश के उपचुनावों में भाजपा के सामने अपनी सत्ता बचाने और कांग्रेस के सामने छह महीने पहले खोई सत्ता वापस पाने की चुनौती है। इस उपचुनाव में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया की साख भी दांव पर लगी है, क्योंकि जिन 28 सीटों पर उपचुनाव हो रहा है उनमें 16 सीटें सिंधिया के प्रभाव वाले ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की है। मध्यप्रदेश में 28 सीटों पर विधानसभा उपचुनाव होने हैं। पहली बार प्रदेश में इतने बड़े पैमाने पर उपचुनाव हो रहे हैं। इसकी वजह प्रदेश में मार्च में हुआ सियासी फेरबदल है। इसी साल 10 मार्च को ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस के 22 विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद अल्पमत में आई कमलनाथ सरकार गिर गई थी। कांग्रेस विधायकों के इस्तीफा देने से 22 सीटें खाली हो गई थीं। इसके बाद जुलाई में बड़ा मलहरा से कांग्रेस विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी और नेपानगर से कांग्रेस विधायक सुमित्रा देवी कसडेकर ने भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा जॉइन कर ली। फिर मांधाता विधायक ने भी कांग्रेस छोड़ भाजपा का झंडा पकड़ लिया। इसके अलावा, तीन विधायकों का निधन हो गया। यानी कुल 28 विधानसभा सीटें खाली हो गईं, जिन पर एक साथ उपचुनाव कराए जाना है।

Related Articles

Back to top button