ED का मेगा ऑपरेशन: 1000 करोड़ के कफ सिरप रैकेट पर तड़के बड़ी छापेमारी
ED ने 1000 करोड़ से ज्यादा के कफ सिरप रैकेट पर की बड़ी कार्रवाई। लखनऊ समेत 6 शहरों में एक साथ 25 ठिकानों पर छापेमारी। मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल फरार, कई फर्जी फर्में बेनकाब।

कफ सिरप की अवैध ट्रेडिंग वाले बड़े रैकेट पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज तड़के बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी। लखनऊ जोनल ऑफिस की टीम ने सुबह करीब 7:30 बजे देशभर में 25 ठिकानों पर एक साथ छापे मारे। यह वही मामला है, जिसमें 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा के अवैध पैसे के लेन-देन का शक है।
CA विष्णु अग्रवाल के ठिकानों पर भी छापेमारी
ED की रेड मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल से जुड़े लोगों अलोक सिंह, अमित सिंह और कुछ मैन्युफैक्चरर्स, पर चल रही है, जिन पर कफ सिरप की फर्जी सप्लाई का आरोप है। इसी कड़ी में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) विष्णु अग्रवाल के ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है।
कहां-कहां हुई छापेमारी
ED की टीमों ने छापेमारी लखनऊ, वाराणसी, जौनपुर, सहारनपुर, इसके साथ ही रांची (झारखंड) और अहमदाबाद (गुजरात) में की है। छापे ECIR के आधार पर किए गए हैं, जो पिछले दो महीनों में UP के कई जिलों में दर्ज 30 से ज्यादा FIRs पर आधारित है। सभी FIRs कोडीन आधारित कफ सिरप की अवैध स्टॉकिंग, ट्रांसपोर्टेशन और क्रॉस-बॉर्डर सप्लाई से जुड़ी हैं।
1000 करोड़ से ज्यादा का खेल
जांच में सामने आया है कि पूरा रैकेट हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के अवैध पैसों पर आधारित है। मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल अब भी फरार है और माना जा रहा है कि दुबई में छिपा हुआ है। उसके पिता भोला प्रसाद को गिरफ्तार किया जा चुका है। UP पुलिस अब तक 32 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
फर्जी फर्मों का जाल
कार्रवाई के दौरान कई फर्जी पते और फर्जी फर्में मिली हैं, जिनके नाम पर कफ सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त चलाई जा रही थी।



