WWE चैंपियन रॉकी जॉनसन का निधन, बेटे ड्वेन को बनाया ‘द रॉक’

अभिनेता, निर्माता और पूर्व प्रोफेशनल पहलवान ड्वेन ‘द रॉक’ जॉनसन के पिता रॉकी जॉनसन का निधन हो गया है। रॉकी जॉनसन ने बुधवार को 75 वर्ष की आयु में आखिरी सांस ली। उनके मैनेजर ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की है। हालाँकि उन्होंने रॉकी जॉनसन के निधन की वजह स्पष्ट नहीं की। बता दें कि रॉकी जॉनसन खुद एक मशहूर पहलवान रहे थे। WWE से संन्यास लेने के बाद भी रॉकी अन्य तरीकों से WWE से जुड़े हुए थे।

1944 में जन्मे रॉकी जॉनसन का असली नाम वेड डगलस बाउल्स था। उन्होंने 1960 में नेशनल रेसलिंग अलाएंस से अपना रेसलिंग करियर शुरू किया था। वे National Wrestling Alliance (NWA) Georgia चैंपियन और NWA Southern Heavyweight Memphis Champion का ताज अपने नाम कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने WWE में भी अपनी पहलवानी का सिक्का मनवाया। रॉकी जॉनसन से पहले उन्हें स्वीट एबोनी डायमंड और ड्रियू ग्लास्टॉ नाम से भी पुकारा जाता था।

WWE में रॉकी ने रेसलर टोनी एल्टास के साथ टीम बनाकर द वाइल्स समोअन को हराया था। रॉकी और टोनी की जोड़ी WWE के इतिहास की पहली अमेरिकन-अफ्रीकन वर्ल्ड टैग टीम चैंपियन बनी थी। इसके बाद उन्होंने 1991 में खुद रेसलिंग से संन्यास ले लिया। और अपने बेटे ड्वेन जॉनसन को पहलवानी की ट्रेनिंग देकर ‘THE ROCK’ बनाया।

इस दौरान उन्होंने काफी संघर्ष किए जिसका जिक्र रॉक ने एक वीडियो में भी किया था। ड्वेन ‘द रॉक’ जॉनसन ने मार्च 2019 में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट की थी जिसमे उन्होंने अपने पिता के संघर्ष के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था कि ड्वेन को रॉक बनाने का सफर आसान नहीं था। एक बार क्रिसमस पर उनके पिता को घर से निकाल दिया गया था, जिसके बाद उन्हें सड़क पर रहकर गुज़ारा भी करना पड़ा था।

रिपोर्ट – चेतन कुमार

Related Articles

Back to top button