Video: ‘हर हर महादेव’ बोलकर युवक ने लगा दी छलांग, बचाने के लिए कॉन्स्टेबल भी कूदा, लेकिन..

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। रविवार शाम दुर्ग जिले के शिवनाथ नदी के महमरा एनीकट पर उस समय अफरातफरी मच गई जब एक युवक ने सबके सामने “हर-हर महादेव” बोलते हुए नदी में छलांग लगा दी। तेज बहाव में डूबते युवक को बचाने के लिए दो पुलिस कॉन्स्टेबल भी नदी में कूद गए, लेकिन धार इतनी तेज थी कि वे सफल नहीं हो सके। बाद में स्थानीय मछुआरों ने युवक को किसी तरह बाहर निकाला और जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कैसे हुआ हादसा?
रविवार को बड़ी संख्या में लोग शिवनाथ नदी के महमरा एनीकट पर घूमने पहुंचे थे। शाम करीब 4 बजे शंकर नगर बुद्ध बिहार गली निवासी आकाश ताम्रकार (32) घाट पर अर्धनग्न अवस्था में रेलिंग पकड़े खड़ा था। वहां मौजूद लोग लगातार उसे समझाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उसने दोनों हाथ जोड़कर जोर से “हर-हर महादेव” कहा और नदी में छलांग लगा दी।
दुर्ग में शिवनाथ नदी के महमरा एनीकट पर एक युवक ने सबके सामने “हर-हर महादेव” बोलते हुए नदी में छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए दो कॉन्स्टेबल भी नदी में कूद गए। लेकिन तेज धार के कारण वे उसे बचा नहीं सके। फिर स्थानीय मछुआरों ने युवक को बचाने में मदद की। किसी तरह उसे नदी से बाहर… pic.twitter.com/xJY3edxAiY
— Lallu Ram (@lalluram_news) August 18, 2025
नशे में था युवक
भीड़ में मौजूद कुछ लोगों का कहना था कि युवक नशे में था। काफी देर तक लोग उसे रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। जैसे ही वह पानी में गिरा, वहां मौजूद लोग चिल्लाने लगे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिसकर्मी भी कूदे नदी में
सूचना मिलते ही दुर्ग कोतवाली से आरक्षक हरीश राव और श्रीराम मौके पर पहुंचे। दोनों कॉन्स्टेबल ने बिना समय गंवाए युवक को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने काफी प्रयास किया, लेकिन तेज धारा की वजह से आकाश तक नहीं पहुंच सके।
मछुआरों ने निकाला बाहर
इसके बाद घाट पर मौजूद स्थानीय मछुआरे भी पानी में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया। वहां मौजूद लोग तुरंत उसे जिला अस्पताल ले गए।
अस्पताल में हुई मौत
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद आकाश ताम्रकार को मृत घोषित कर दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल से रिकॉर्ड किया था।
आत्महत्या की वजह अज्ञात
पुलिस ने बताया कि अभी आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। युवक नशे में था या किसी अन्य कारण से उसने यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आज पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।



