बड़ी खबर: एक और नीला ड्रम, एक और पति की लाश.. पत्नी, 3 बच्चे और मकान मालिक का बेटा गायब

अलवर (राजस्थान)। खैरथल-तिजारा इलाके में रविवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। एक घर की छत पर नीले ड्रम में युवक का शव मिला, जिसे गलाने के लिए उस पर नमक डाला गया था। मृतक की पहचान हंसराम उर्फ सूरज (निवासी नवादिया नवाजपुर, शाहजहांपुर, यूपी) के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक की पत्नी, तीन बच्चे और मकान मालिक का बेटा गायब हैं।
कैसे खुला राज?
मकान से दुर्गंध आने पर मकान मालिक राजेश शर्मा की पत्नी मिथिलेश ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो छत पर बने कमरे में नीले रंग के ड्रम में हंसराम का शव मिला। जांच में पता चला कि उसका गला धारदार हथियार से काटा गया था और शव को छिपाने के लिए नमक डाला गया था।
परिवार के साथ किराए पर रहता था युवक
डीएसपी राजेंद्र सिंह निर्वाण ने बताया कि हंसराम करीब डेढ़ महीने पहले ही पत्नी और तीन बच्चों के साथ किराए पर यहां रहने आया था। वह किशनगढ़बास में ईंट-भट्टे पर काम करता था। परिवार छत पर बने कमरे में रहता था।
मकान मालिक का बेटा भी लापता
पुलिस जांच में पता चला कि मकान मालिक राजेश शर्मा का बेटा जितेंद्र ही हंसराम को यह कमरा किराए पर दिलाने वाला था। हंसराम नशे का आदी था और अक्सर जितेंद्र के साथ शराब पीता था। घटना के बाद से ही हंसराम की पत्नी सुनीता, उसके तीन बच्चे और जितेंद्र सभी लापता हैं।
मकान मालिक का परिवार
पुलिस ने बताया कि मौके पर राजेश शर्मा की पत्नी मिथिलेश और उनका 14 वर्षीय पोता ही मिले। मिथिलेश ने बताया कि जितेंद्र की पत्नी की मौत 12 साल पहले हो चुकी थी। राजेश शर्मा प्रॉपर्टी कारोबारी हैं और 2-3 दिन में ही घर आते हैं।
जन्माष्टमी के दिन से गायब
मिथिलेश के मुताबिक, जन्माष्टमी के दिन वह बाजार गई थी। लौटने पर उसने देखा कि सुनीता और उसके बच्चे घर पर नहीं हैं। शाम तक जितेंद्र भी नहीं लौटा। अगले दिन जब घर से बदबू आने लगी तो उसने पुलिस को कॉल किया। इसके बाद यह सनसनीखेज राज खुला।
पुलिस की जांच जारी
डीएसपी राजेंद्र सिंह निर्वाण ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी, बच्चे और मकान मालिक के बेटे की तलाश की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गुत्थी सुलझाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।



