शर्मनाक Video: यूपी में टोल बूथ पर फौजी को खंबे से बांधकर पीटा, वजह जानकर गुस्से से हो जाएंगे आगबबूला

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से बड़ी खबर सामने आई है। सरुरपुर थाना क्षेत्र के भूनी टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों ने सेना के जवान को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें 8 से 10 लोग जवान को पकड़कर पीटते दिख रहे हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 4 टोलकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

छुट्टी पर घर आए थे जवान, ड्यूटी जॉइन करने जा रहे थे श्रीनगर

पीड़ित जवान का नाम कपिल (26) है, जो मेरठ के गांव गोटका निवासी हैं और श्रीनगर में राजपूत बटालियन में तैनात हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान छुट्टी पर आए थे। रविवार रात वे अपने भाई देवेंद्र के साथ कार से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए निकले थे। उनकी सुबह 5 बजे श्रीनगर की फ्लाइट थी।

जैसे ही कार भूनी टोल प्लाजा पर पहुंची तो वहां लंबा जाम था। कपिल ने टोलकर्मियों को अपना आर्मी आईडी कार्ड दिखाते हुए कहा कि वे सेना के जवान हैं और लोकल निवासी भी हैं, उन्हें जल्दी निकलने दिया जाए ताकि फ्लाइट मिस न हो।

टोलकर्मियों से बहस, फिर मारपीट

कपिल का आरोप है कि उनकी बात सुनने के बजाय टोलकर्मी बहस पर उतर आए। इसी दौरान टोल पर तैनात सिक्योरिटी इंचार्ज बिट्टू (32), निवासी छुर गांव, थाना सरधना वहां पहुंच गया। बहस इतनी बढ़ी कि हाथापाई शुरू हो गई। जवान कपिल के नाक पर चोट आई और जब उन्होंने कार से बाहर निकलने की कोशिश की तो टोलकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया और खंभे से बांधकर पीटना शुरू कर दिया।

कपिल को बचाने आए उनके भाई देवेंद्र को भी टोलकर्मियों ने बुरी तरह पीटा।

गांव के लोग पहुंचे, टोल पर हंगामा

जवान ने घटना की सूचना घरवालों को दी। थोड़ी देर बाद करीब 10-15 लोग टोल पर पहुंच गए, जिनमें विश्व हिंदू परिषद के पूर्व कार्यकर्ता अभिषेक चौहान (निवासी मैनापूठी गांव) भी शामिल थे। आक्रोशित ग्रामीणों ने टोल प्लाजा पर हंगामा शुरू कर दिया और आरोपियों को बर्खास्त करने की मांग की।

सूचना मिलते ही सरधना थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराया। टोल प्लाजा के मैनेजर शंकर लाल शर्मा ने भी हस्तक्षेप किया और एनएचएआई अधिकारियों से बात की। रात करीब साढ़े नौ बजे तक टोल प्लाजा पर तनाव बना रहा।

दोनों पक्षों ने दी तहरीर, 4 आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद दोनों पक्षों ने सरुरपुर थाने में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। मेरठ एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सेना के जवान और उसके भाई से मारपीट करने वाले 4 टोलकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीम गठित कर दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button