दिल्ली : नहर में डूबने से दो किशोरों की मौत

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में नहर में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों किशोरों के शव पानी से बाहर निकलवाए। मृतकों की पहचान अमित (15) और हर्ष (15) है। दोनों आपस में रिश्ते के भाई लगते थे। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों किशोरों के शव परिवार को सौंप दिए हैं। एक किशोर के परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले दो अन्य किशोरों पर दोनों की हत्या करने का आरोप लगाया है। वारदात के समय दोनों किशोर अमित व हर्ष के साथ ही मौजूद थे। बृहस्पतिवार शाम को हादसा हुआ, लेकिन दोनों ने किशोरों के डूबने की बात शुक्रवार शाम तक नहीं बताई। पुलिस परिजनों के आरोपों की जांच कर रही हैं।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से मधुबनी, बिहार का रहने वाला हर्ष अपने परिवार के साथ ए-ब्लॉक, न्यू अशोक नगर में रहता था। इसके परिवार में पिता अशोक कुमार, मां वंदना और एक बहन प्रिया व नानी गंगा देवी और अन्य सदस्य हैं। हर्ष के पिता कानपुर में ही रहकर रिक्शा चलाते हैं। उसकी मां मूक-बधिर है। हर्ष पास के सरकारी स्कूल में नौंवी कक्षा का छात्र था। हर्ष अपने पूरे परिवार के साथ नानी के घर पर ही रहता था। वहीं अमित भी परिवार के साथ न्यू अशोक नगर ए-ब्लॉक में रहता था। इसके परिवार में माता-पिता व एक भाई राज है। अमित आठवीं कक्षा का छात्र था। अमित के भाई राज व नानी गंगा देवी ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर 3.00 बजे दोनों पास में ही रहने वाले दो अन्य किशोरों के साथ बाहर निकले थे। देर शाम को दोनों किशोर तो घर आ गए, लेकिन अमित व हर्ष वापस नहीं लौटे।
परिजनों देखा कि बाकी दोनों किशोर जब वापस लौटे थे तो उनके कपड़े गीले थे। पूछताछ में उन्होने बहाना बनाकर टाल दिया। इधर जब हर्ष और अमित देर रात तक नहीं आए तो मामले की सूचना न्यू अशोक नगर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने भी अगले दिन आने की बात की। इस बीच परिजन खुद ही दोनों की तलाश करते रहे। शुक्रवार शाम को जब परिवार कोंडली नहर के पास पहुंचे तो उन्हें वहां कुछ लड़कों ने बताया कि कल यहां दो लड़के डूब गए थे। उनके साथ मौजूद दोनों लड़कों से परिजनों को बताने के लिए कहा गया था, लेकिन शायद उन्होंने बताया नहीं। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शुक्रवार देर शाम को गोताखोरों की मदद से दोनों के शवों को पानी से बाहर निकाला। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया।
छठ घाट घेरने की बात पहुंचे थे दोनों किशोर नहर के किनारे
छानबीन के दौरान पुलिस को दोनों किशोरों ने बताया कि गुरुवार को वह हर्ष और अमित के साथ छठ घाट घेरने के लिए नहर किनारे आए थे। लेकिन हर्ष का गहरे पानी में पैर फिसल गया, उसे बचाने के चक्कर में अमित भी डूब गया। दोनों ने बताया कि उन्होंने भी उनको बचाने की कोशिश की थी। परिजन दोनों की बात को मानने को तैयार नहीं है। हर्ष की नानी ने बताया कि उसे पता था कि इस बार छठ घर पर ही मनाया जाएगा तो वह कैसे घाट घेरने गया। हर्ष और अमित के परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। हर्ष अपनी मूह-बधिर मां का इकलौता सहारा था। पिता शराब का आदी है और कानपुर में ही रहता है। हर्ष का परिवार नानी के पास ही र‌हकर पल रहा था।

Related Articles

Back to top button