Delhi Accident: 100 की रफ्तार, हेलमेट नहीं; बुलेट बैरियर से टकराई, तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत
स्वरूप नगर में बुलेट सवार तीन दोस्तों की 100 की रफ्तार में बैरियर से टकराने से मौत हो गई। हेलमेट नहीं पहनने से सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसा धनतेरस पर खरीदी नई बाइक से हुआ। परिजनों ने एनएचएआई पर लापरवाही का आरोप लगाया।

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। हादसा रात करीब 1:30 बजे जीटी करनाल रोड पर हुआ, जब बुलेट पर सवार तीनों युवक करीब 100 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से जा रहे थे। अचानक सड़क किनारे लगे सीमेंट के जर्सी बैरियर से बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक उछलकर दूर जा गिरी और उसमें आग लग गई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुमित (27), मोहित (26) और अनुराग (23) को मृत घोषित कर दिया। तीनों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोटें आईं।
मुरथल से लौटते वक्त हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, तीनों युवक शिवराम पार्क, नांगलोई के रहने वाले थे। वे मंगलवार शाम मुरथल पराठे खाने और पार्टी करने के लिए गए थे। रात करीब 10:45 बजे घर से निकले और वापसी के दौरान हादसे का शिकार हो गए। जांच में सामने आया कि हादसे के वक्त सड़क का एक हिस्सा टूटा हुआ था और वहां अंधेरा था। इस कारण युवकों को बैरियर नजर नहीं आया।
धनतेरस पर खरीदी थी नई बाइक
बाहरी–उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने बताया कि तीनों बचपन के दोस्त थे। अनुराग ने कुछ दिन पहले ही धनतेरस पर नई बुलेट खरीदी थी। सुमित और मोहित उससे पार्टी की जिद कर रहे थे। इसी खुशी में तीनों मुरथल गए थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या हादसे के वक्त तीनों ने शराब पी रखी थी, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।
परिजनों ने एनएचएआई पर लापरवाही का आरोप लगाया
मृतकों के परिजनों ने एनएचएआई पर आरोप लगाया कि बैरियर से पहले कोई चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया था। अगर साइन बोर्ड होता तो हादसा टल सकता था। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और एनएचएआई से जवाब मांगा गया है।



