Delhi news: दिल्ली सरकार के एक साल पूरे: सीएम रेखा गुप्ता ने गिनाईं उपलब्धियां

दिल्ली सरकार के एक साल पूरे होने पर नमो ग्राउंड में बड़ा कार्यक्रम सीएम रेखा गुप्ता ने गिनाईं उपलब्धियां और विकास कार्य जनता के विश्वास को बताया सरकार की सबसे बड़ी ताकत

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार को उत्तर-पूर्वी लोकसभा क्षेत्र के खजूरी चौक स्थित नमो ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं। यह कार्यक्रम दिल्ली सरकार के एक वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित किया गया था।

 

एक साल का लेखा-जोखा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 365 दिन जनता के विश्वास, सेवा के संकल्प और सुशासन के परिणाम का वर्ष रहे हैं। उन्होंने कहा कि “पहला कदम बदलाव का, एक साल विकास का” केवल नारा नहीं, बल्कि दिल्ली के लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।

 

विकास और सुशासन पर जोर

मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले एक साल में सरकार ने पारदर्शी प्रशासन, भ्रष्टाचार पर नियंत्रण, तेज़ इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि गरीब, श्रमिक, महिलाएं, युवा और मध्यम वर्ग सरकार की योजनाओं के केंद्र में रहे हैं।

 

मोदी मंत्र को बताया आधार

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र को आधार बनाकर दिल्ली में सुशासन का नया मॉडल लागू किया गया है। आने वाले समय में विकास की रफ्तार और तेज़ करने और दिल्ली को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस बनाने पर फोकस रहेगा।

 

जनता के भरोसे का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ को जनता के विश्वास का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि सरकार खुद को जनता का सेवक मानते हुए दिल्ली के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम करती रहेगी। इस कार्यक्रम में प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, सांसद मनोज तिवारी, सांसद योगेन्द्र चंदोलिया, दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट और विधायक अजय महावर समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button