भोपाल किसान महाचौपाल में राहुल गांधी का हमला: ट्रेड डील, चीन और अडाणी मुद्दे पर केंद्र सरकार घिरी

भोपाल में किसान महाचौपाल में राहुल गांधी का केंद्र पर बड़ा हमला लोकसभा में बोलने से रोकने और चीन मुद्दे पर उठाए सवाल भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर किसानों के हित बेचने का आरोप

 

 

 

 

 

Rahul Gandhi: भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस ने ‘किसान महाचौपाल’ का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर किसानों के हितों की अनदेखी करने और संसद में उन्हें बोलने से रोकने का आरोप लगाया।

 

लोकसभा में बोलने से रोके जाने का आरोप

राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया गया। उन्होंने दावा किया कि जैसे ही उन्होंने अपनी बात शुरू की, उन्हें बार-बार रोका गया। उन्होंने पूर्व आर्मी चीफ जनरल एम.एम. नरवणे की किताब का हवाला देते हुए कहा कि जब चीनी टैंक भारतीय सीमा के अंदर आ रहे थे, तब उन्होंने रक्षा मंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन स्पष्ट आदेश नहीं मिला।

 

पीएम पर निर्णय न लेने का आरोप

राहुल ने कहा कि सेना प्रमुख ने दो घंटे बाद फिर रक्षा मंत्री को फोन कर आदेश मांगा, क्योंकि फायरिंग का निर्णय प्रधानमंत्री स्तर पर लिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधे जवाब नहीं दिया और रक्षा मंत्री को कहा गया कि सेना जो उचित समझे, वही करे। राहुल ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि वह संसद में यह मुद्दा उठाना चाहते थे, लेकिन उन्हें बोलने नहीं दिया गया।

 

ट्रेड डील और किसानों का मुद्दा

राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका डील को लेकर कहा कि चार महीने से समझौता कृषि मुद्दों पर रुका हुआ था। उनके मुताबिक, सरकार नहीं चाहती थी कि अमेरिकी कंपनियां भारत में सोया, कपास और भुट्टा बेचें। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाषण के तुरंत बाद प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन कर डील पर सहमति जताई। राहुल ने दावा किया कि बिना कैबिनेट से चर्चा किए यह फैसला लिया गया और इससे किसानों के हित प्रभावित होंगे।

 

अडाणी और एपस्टीन फाइल का जिक्र

सभा में राहुल गांधी ने एपस्टीन फाइल और उद्योगपति अनिल अंबानी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका में कई फाइलें लंबित हैं और उनका इस्तेमाल दबाव बनाने के लिए किया जा सकता है। साथ ही, उन्होंने उद्योगपति गौतम अडाणी पर चल रहे अमेरिकी केस का जिक्र करते हुए कहा कि यह मामला केवल एक कंपनी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका राजनीतिक असर भी हो सकता है। राहुल ने केंद्र सरकार पर उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस किसानों के हक की लड़ाई जारी रखेगी।

Related Articles

Back to top button