दिल्ली : केजरीवाल ने पिछले छह वर्षों में किसानों की हालत बद से बदतर कर दी : आदेश गुप्ता

नई दिल्ली। किसान बिल को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करने के लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंगलवार को‘किसान रागिनी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आए हुए लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि एक किसान के जीवन में रागिनी का महत्व स्पष्टतः अमिट और बहुत गहरा है।

आदेश गुप्ता ने इस दौरान दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने पिछले 6 वर्षों से दिल्ली के किसानों की हालत बद से बदतर बना दी है। केजरीवाल सरकार किसानों का हक मार अपनी जेब भर रही है। दिल्ली सरकार ने किसानों की सहूलियत के लिए भाजपा सरकार द्वारा शुरू हुए किसान भवन बंद करवा दिए और किसानों को मजबूर कर दिया कि वह आम आदमी पार्टी विधायक के होटलों में हजारों के कमरे लेकर ठहरे। उन्होंने कहा कि आज तक किसान को किसान का दर्जा नहीं दिया, किसानों के लिए दाखिल-खारिज की कोई व्यवस्था नहीं की, किसानों की समस्याओं के निवारण के लिए दिल्ली सरकार में कोई विभाग नहीं है। किसानों के प्रति दिल्ली सरकार का यह सौतेला रवैया ज्यादा दिन तक नहीं चलने वाला है, क्योंकि अब दिल्ली भाजपा दिल्ली के किसानों की लड़ाई लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री बनने पर नरेंद्र मोदी ने संकल्प लिया कि वह किसानों की आय को दोगुना करने का काम करेंगे। संसद के दोनों सदनों से पारित कृषि बिल किसानों की आय को दोगुना करने के संकल्प को पूरा करेगा।

Related Articles

Back to top button