जारी है यूपी में अपराध का सिलसिला, अब बनारस में ठेकेदार की हत्या

उत्तर प्रदेश में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। वाराणसी के सदर तहसील में दिन दहाड़े एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह नितेश सिंह नाम के एक ठेकेदार को उनकी कार से उतरते ही गोली मारकर हत्या कर दी। पुरानी रंजिश के चलते सरकारी ठेकेदार की हत्या करने की संभावना जताई जा रही है।

पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के सदर तहसील परिसर में एक सरकारी ठेकेदार को बदमाशों ने लगभग आधा दर्जन गोलियों से भून कर मौत के घाट उतार दिया। मृतक का नाम नितेश सिंह उर्फ बबलू सिंह बताया जा रहा है। नितेश सिंह वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के लोहियानगर के रहने वाले थे। सोमवार सुबह जब तहसील में रोजमर्रा के काम के दौरान नितेश सिंह फॉर्च्यूनर कार से दफ्तर पहुंचे। कुछ देर बाद तहसील में काम निपटा कर नितेश अपनी कार की तरफ जाने लगे। कार में बैठने से पहले ही घात लगाए बदमाशों ने नितेश सिंह के ऊपर अंधाधुन गोलियों की बारिश कर दी।

मौके पर ही हो गई मृत्यु

हत्या के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार बाइक पर दो हमलावर थे। घटना की सूचना मिलते ही तहसील के लोगों की भीड़ इकठा हो गई। पुलिस और तहसील के लोगों की मदद से ठेकेदार को नजदीक के दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया। वहां नितेश सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद शहर में नाकेबंदी कर दी गई है।

मृतक का रहा है आपराधिक इतिहास

मृतक नितेश सिंह पीडब्ल्यूडी में ठेकेदार थे। उनकी कई निजी बसे भी चलती थी। पुलिस के मुताबिक मृतक नितेश सिंह का पुराना अपराधिक इतिहास है। वहीँ उन्हें सारनाथ क्षेत्र के थाने का हिस्ट्रीशीटर भी बताया जा रहा है। एसएसपी आंनद कुलकर्णी ने जमीन की खरीद-फरोख्त या पुरानी रंजिश को हत्या की वजह होने की आशंका जताई। साथ ही उन्होंने मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने की बात कही।

Related Articles

Back to top button