मुंबई : भाजपा के विरुद्ध राज्यव्यापी आंदोलन करेगी कांग्रेस : थोरात

मुंबई। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहेब थोरात ने कहा भारतीय जनता पार्टी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता राज्यव्यापी आंदोलन करेंगे।
हाथरस जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस की ज्यादती के विरोध में गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्रालय के पास गांधी पुतले के सामने प्रदर्शन किया। मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, लोक निर्माण मंत्री अशोक चव्हाण सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
थोरात ने कहा कि हाथरस में पीड़िता के परिजनों से मिलने जा रहे राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के साथ भाजपा के इशारे पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने ज्यादती व बलप्रयोग किया है। यह शर्मनाक है, इसलिए योगी को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि राहुल गांधी व प्रियंका गांधी हाथरस में पीड़िता के परिजनों से मिलने जा रहे थे। इससे उत्तर प्रदेश को इतना डरने की क्या जरूरत थी। आखिर उत्तर प्रदेश पुलिस इस मामले में क्या छिपाना चाहती है। हाथरस की पीड़िता को जब तक न्याय नहीं मिलता तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
लोक निर्माण मंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जंगलराज कायम है। मुख्यमंत्री योगी उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने में असफल साबित रहे हैं। राज्य में गुंडों का राज है और मुख्यमंत्री योगी इनके संरक्षक बने हुए हैं। लेकिन कांग्रेस उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के जंगल राज के विरुद्ध लड़ाई लड़ती रहेगी।

Related Articles

Back to top button