रांची : दुमका से चुनाव लड़ेंगे मुख्यमंत्री के भाई बसंत सोरेन

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने दुमका उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि हेमंत सोरेन के इस्तीफा देने की वजह से खाली हुई दुमका विधानसभा सीट से उनके छोटे भाई और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सबसे छोटे बेटे बसंत सोरेन पार्टी के उम्मीदवार होंगे। सुप्रियो गुरूवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि झामुमो के युवा मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष बसंत सोरेन 12 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। भट्टाचार्य ने कहा कि दुमका की जनता और वहां के झामुमो कार्यकर्ताओं की मांग पर ही बसंत सोरेन को उपचुनाव में पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। शिबू सोरेन और हेमंत सोरेन ने बसंत की उम्मीदवारी पर मुहर लगा दी है। भट्टाचार्य ने उम्मीद जतायी है कि बेरमो विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए उनकी सहयोगी पार्टी कांग्रेस जल्दी ही उम्मीदवार के नाम का एलान कर देगी। इसके बाद पूरा महागठबंधन मिलकर यह उपचुनाव लड़ेगा और दोनों सीटें जीतेगा भी। उन्होंने कहा कि झामुमो-कांग्रेस- राजद का महागठबंधन इस उपचुनाव को ऐतिहासिक बनायेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी केंद्रीय नेता और महागठबंधन में शामिल दलों के नेता दोनों ही सीटों दुमका और बेरमो में जाकर सघन प्रचार अभियान चलायेगा

गौरतलब है कि झारखंड में दो सीटों दुमका और बेरमो में विधानसभा का उपचुनाव के लिए तीन नवंबर को मतदान होना है। इसके लिए 9 अक्‍टूबर से नामांकन पत्र भरने का काम शुरू होगा। पिछले वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में दुमका से लुइस मरांडी भाजपा की उम्मीदवार थी और उन्हें इस बार भी भाजपा से उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा है। हेमंत सोरेन ने 2019 विधानसभा चुनाव में दुमका और बरहेट से चुनाव जीतने के बाद दुमका विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद से यह सीट खाली हो गई। जबकि बेरमो में कांग्रेस विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह के निधन के कारण उपचुनाव कराया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button