Climate change: फ़रवरी में मौसम का बदला मिज़ाज: दिन में गर्मी, रात में ठंड का डबल अटैक

दिन में बढ़ रही गर्मी, रात में अब भी ठंड का असर जारी उत्तर भारत में साफ मौसम, दक्षिण में बारिश की चेतावनी अगले 7 दिनों में न्यूनतम तापमान बढ़ने की संभावना

नई दिल्ली: फरवरी का महीना आगे बढ़ने के साथ ही देशभर में मौसम का मिज़ाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक लोग अलग-अलग तरह के मौसम का अनुभव कर रहे हैं। पहाड़ी राज्यों में कहीं तेज धूप खिल रही है तो कहीं हल्की बारिश हो रही है। वहीं मैदानी इलाकों में दिन के समय गर्मी का एहसास हो रहा है, लेकिन देर रात और सुबह के समय अब भी ठंड बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक 20 फरवरी को दिल्ली और लखनऊ जैसे बड़े शहरों में बारिश की कोई खास संभावना नहीं है।

 

अमृतसर में सबसे कम तापमान दर्ज

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में न्यूनतम तापमान 7 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश, राजस्थान, सौराष्ट्र-कच्छ और पूर्वी भारत के कई इलाकों में रात का तापमान 12 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस पंजाब के अमृतसर में दर्ज किया गया।

 

केरल के पुनालुर में गर्मी का असर

पिछले 24 घंटों में देश के मैदानी हिस्सों में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस केरल के पुनालुर में दर्ज किया गया। महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और माहे में दिन का तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। वहीं जम्मू-कश्मीर, पंजाब, छत्तीसगढ़, बिहार, गुजरात, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है, जो धीरे-धीरे बढ़ती गर्मी की ओर इशारा कर रहा है।

 

अगले 7 दिनों में बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं महाराष्ट्र में भी अगले 4 दिनों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना जताई गई है। देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।

 

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

अगले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु, केरल और माहे में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 22 से 24 फरवरी के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में बारिश के साथ कुछ इलाकों में बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है।

 

दिल्ली-एनसीआर का मौसम अपडेट

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को आसमान साफ रहने की उम्मीद है, हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिन में करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

Related Articles

Back to top button