कश्मीर में फरवरी की गर्मी ने तोड़े दशकों पुराने रिकॉर्ड

फरवरी में कश्मीर का तापमान दशकों के रिकॉर्ड के बराबर पहुंचा गुलमर्ग और श्रीनगर में सामान्य से 9°C से ज्यादा बढ़ोतरी LoC पर सेना ने घुसपैठ की बड़ी साजिश नाकाम की

Jammu Kashmir: फरवरी के महीने में जहां आमतौर पर कश्मीर ठंड से जूझता है, वहीं इस बार मौसम ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। आज दर्ज किए गए तापमान ने पिछले कई दशकों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। पर्यटन स्थल गुलमर्ग में पारा 11.4°C तक पहुंच गया, जो फरवरी में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। इसने 11 फरवरी 1993 को बने ऑल-टाइम रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। खास बात यह है कि यह सामान्य से करीब 9.9°C ज्यादा दर्ज किया गया। राजधानी श्रीनगर में भी तापमान 20.1°C रिकॉर्ड किया गया, जो साल 2016 के बाद फरवरी महीने का सबसे अधिक तापमान है।

 

 कश्मीर क्षेत्र में दर्ज तापमान

श्रीनगर – 20.1°C (सामान्य से 9.7°C अधिक), काजीगुंड – 20.4°C (10.9°C अधिक), पहलगाम – 16.0°C (9.0°C अधिक), कुपवाड़ा – 19.4°C (9.9°C अधिक), कोकेरनाग – 17.8°C (9.6°C अधिक), गुलमर्ग – 11.4°C (9.9°C अधिक)।

 

जम्मू क्षेत्र में दर्ज तापमान

जम्मू – 27.0°C (5.1°C अधिक), कटड़ा – 24.6°C (5.1°C अधिक), बनिहाल – 19.8°C (7.1°C अधिक), भद्रवाह – 18.9°C (5.6°C अधिक)

 

 लद्दाख क्षेत्र

लेह – 7.6°C, कारगिल – 9.4°C, नुब्रा वैली – 10.5°C

 

 LoC पर घुसपैठ की बड़ी साजिश नाकाम

एक अन्य अहम घटनाक्रम में, जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर आतंकियों की घुसपैठ की बड़ी साजिश को भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया है। राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में गुरुवार तड़के सतर्क जवानों ने घुसपैठ की कोशिश को विफल कर दिया। सेना के मुताबिक, खुफिया इनपुट और लगातार निगरानी के चलते 19 फरवरी 2026 की सुबह LoC के पास सुंदरबनी के नथुआ टिब्बा इलाके में संदिग्ध हलचल देखी गई। घने जंगलों और अंधेरे का फायदा उठाकर आतंकी भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे थे। आतंकियों की गतिविधि देखते ही White Knight Corps के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया और सटीक जवाबी कार्रवाई शुरू की। सेना के आक्रामक रुख को देखते हुए आतंकी मौके से भागने पर मजबूर हो गए। इस मुस्तैदी भरी कार्रवाई से घुसपैठ की कोशिश पूरी तरह नाकाम कर दी गई।

Related Articles

Back to top button