बड़ी खबर: 3 दोस्तों की बेरहमी से दौड़ाकर हत्या, घूमने गए थे.. ढाबे पर शराबी गैंग ने घेरा, वजह हैरान कर देगी !

धमतरी (छत्तीसगढ़) – छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सोमवार (11 अगस्त) की रात एक दर्दनाक वारदात हुई, जिसमें रायपुर के रहने वाले तीन दोस्तों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना ग्राम भोयना के पास स्थित अन्नपूर्णा ढाबे में तब हुई, जब वे धमतरी घूमने के दौरान थोड़ी देर रुकने के लिए वहां पहुंचे। मामूली विवाद ने मारपीट और फिर खूनी हमले का रूप ले लिया।

ढाबे में हुई बहस बनी जानलेवा

पुलिस के मुताबिक, घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। तीनों दोस्त ढाबे में कुछ पूछने के लिए पहुंचे थे, जहां पहले से 6-7 लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

नशे में धुत हमलावरों का तांडव

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी हमलावर नशे में थे और ढाबे में आने-जाने वाले लोगों से गाली-गलौज कर रहे थे। वे किसी को भी रोककर मारपीट कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक युवक को करीब 100 मीटर तक दौड़ाकर ले गए और उसके सीने पर चाकू से वार किया। बाकी दो दोस्तों पर भी बेरहमी से हमला किया गया। दो अन्य लोग मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

मारे गए युवकों की पहचान

पुलिस ने मृतकों की पहचान सूरज तांडी और नितिन तांडी (दोनों निवासी संतोषी नगर, रायपुर) तथा आलोक ठाकुर (निवासी सेजबहार, रायपुर) के रूप में की है।

  • सूरज तांडी – ड्राइवर

  • नितिन तांडी – ड्राइवर

  • आलोक ठाकुर – पेटी ठेकेदार
    ये सभी दोस्त रायपुर के अलग-अलग इलाकों में रहते थे और पांच दोस्तों के समूह में धमतरी घूमने आए थे।

₹300 के बिल को लेकर बढ़ा विवाद

पुलिस जांच में यह सामने आया कि हमलावरों ने ढाबे में ₹300 का खाना खाया था, लेकिन बिल का भुगतान नहीं किया। इसी को लेकर वे गाली-गलौज और झगड़ा कर रहे थे। इसी बीच रायपुर से आए तीन दोस्त वहां पहुंचे और विवाद में फंस गए।

अस्पताल ले जाने से पहले ही तोड़ दिया दम

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। फिलहाल 6 से ज्यादा हमलावरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस की जांच जारी

अर्जुनी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button