Video: अचानक टूटी आकाश झूले की सेफ्टी बेल्ट, हवा में लटक गई महिला, फिर सटासट चढ़ा झूलेवाला और..

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शनिवार रात एक महिला की जान बाल-बाल बच गई। भाटापारा के रामलीला मैदान में लगे यश एम्यूजमेंट पार्क के आकाश झूले पर सवार महिला की सेफ्टी बेल्ट अचानक ढीली हो गई, जिससे वह झूले के बॉक्स से बाहर गिरने लगी। महिला ने तुरंत झूले में लगे लोहे को कसकर पकड़ लिया और करीब 30 फीट की ऊंचाई पर लटकी रही।
युवक ने चढ़कर बचाई जान
घटना के दौरान झूला ऑपरेटरों ने तुरंत झूला रोका। एक साहसी युवक झूले पर चढ़ा और महिला को सुरक्षित बॉक्स में बैठाया। इसके बाद महिला को नीचे उतारा गया। मौके पर मौजूद लोग इस दृश्य को देख सन्न रह गए। गनीमत रही कि समय रहते कार्रवाई हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
वीडियो वायरल, प्रशासन सख्त
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। भाटापारा DSP तारेश साहू ने बताया कि पार्क की सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी गई है और आगे से सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
धमतरी में भी टूटा था झूला
यह कोई पहली घटना नहीं है। दो सप्ताह पहले धमतरी जिले के नरहरा जलप्रपात में एडवेंचर झूला टूट गया था, जिस पर 12 टूरिस्ट सवार थे। झूला टूटने से सभी नीचे गिर गए, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। उस हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से एम्यूजमेंट पार्क और एडवेंचर झूलों की सुरक्षा मानकों पर सवाल उठने लगे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि झूलों की समय-समय पर जांच और रखरखाव बेहद जरूरी है, ताकि लोगों की जान जोखिम में न पड़े।



