यूपी में सनसनीखेज वारदात: रेलवे यार्ड में मिली लड़की की लाश, मुँह में कपडा ठुंसा, हाथ पर टैटू.. चेहरा जलाया

आगरा (उत्तर प्रदेश) – अछनेरा रेलवे स्टेशन के यार्ड के पास रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब झाड़ियों में एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ। युवती के गले में दुपट्टा बंधा था, मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और चेहरे को जलाने की कोशिश की गई थी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या और संभवतः दुष्कर्म का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।


ग्रामीण महिला ने सबसे पहले देखी लाश

घटना अछनेरा के रेलवे फाटक नंबर 18 के पास कचौरा रोड की है। सुबह एक ग्रामीण महिला अपने पशुओं को बांधने जा रही थी, तभी उसकी नजर झाड़ियों में पड़ी एक युवती पर पड़ी। पास जाकर देखने पर महिला ने देखा कि युवती मृत पड़ी है, जिसके गले में दुपट्टा बंधा है। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।


गले में दुपट्टा, मुंह में कपड़ा, चेहरे पर चोट

युवती ने लाल कुर्ती और काले रंग की सलवार पहनी थी। उसके गले में दुपट्टा कसकर बंधा हुआ था और मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। चेहरे पर चोट के निशान थे और किसी ज्वलनशील पदार्थ से उसे जलाने की कोशिश की गई थी। पुलिस को आशंका है कि युवती के साथ जबरन कुछ करने के बाद गला घोंटकर हत्या की गई।


पहचान छिपाने के लिए जलाया चेहरा

शव की पहचान न हो सके, इसके लिए चेहरे को जलाने की कोशिश की गई। पुलिस का मानना है कि हत्या करने वाला व्यक्ति संभवतः मृतका को जानता था। युवती के हाथ पर नाम का टैटू बना है, जबकि कान में सोने के टॉप्स और हाथ में अंगूठी अब भी मौजूद थे, जिससे लूट की संभावना से इनकार किया जा रहा है।


पुलिस की जांच और सीसीटीवी खंगालना शुरू

घटना की सूचना पर जीआरपी, आरपीएफ और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और समय का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Related Articles

Back to top button