छतरपुर: विधायक नीरज दीक्षित की गाड़ी पर पथराव, मामला दर्ज

छतरपुर। चुनावी कशमकश के बीच अब हिंसा के मामले भी नजर आने लगे हैं। बुधवार रात छतरपुर जिले के महाराजपुर से कांग्रेस विधायक नीरज दीक्षित की गाड़ी पर कुछ लोगों ने पथराव किया। घटना के समय विधायक दीक्षित इस गाड़ी में नहीं थे। उनके छोटे भाई और बहू गाड़ी में मौजूद थे, जो इस घटना में बाल-बाल बच गए। इस संबंध में गढ़ी मलहरा पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराजपुर से कांग्रेस विधायक नीरज दीक्षित के छोटे भाई धीरज दीक्षित पत्नी के साथ छतरपुर से गृह ग्राम उर्दमऊ जा रहे थे। बुधवार रात करीब 9:30 बजे उनका वाहन गढ़ी मलहरा बस्ती में पहुंचा। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने वाहन पर पथराव कर दिया। हमलावर कट्टे से फायर करने के धमकी भी दे रहे थे। किसी तरह पथराव से बचते हुए विधायक के भाई धीरज दीक्षित मौके से निकले और सीधे गढ़ी मलहरा थाने पहुंचे जहां घटना की शिकायत दर्ज कराई गई। बड़ा मलहरा उपचुनाव में व्यस्त विधायक नीरज दीक्षित भी घटना की जानकारी लगते ही गढ़ी मलहरा थाने पहुंच गए थे। विधायक दीक्षित के छोटे भाई की शिकायत पर गढ़ी मलहरा पुलिस ने बुधवार देर रात केस दर्ज कर आरोपियों की पड़ताल शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button