CBSE 12वीं मैथ्स पेपर का QR कोड स्कैन करते ही खुला ‘Rickroll’ वीडियो, सोशल मीडिया पर मचा हंगामा
QR Code स्कैन करते ही खुला Rickroll वीडियो, 12वीं मैथ्स पेपर पर छात्रों का दावा सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो, Reddit से लेकर X और Instagram पर छिड़ी बहस CBSE ने दी सफाई, कहा– प्रश्नपत्र असली हैं और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं

CBSE की बोर्ड परीक्षाएं इस समय जारी हैं और इसी बीच 12वीं के गणित के पेपर को लेकर सोशल मीडिया पर एक अजीब बहस शुरू हो गई है। कई छात्रों का दावा है कि उनके प्रश्नपत्र पर छपे QR कोड को स्कैन करने पर परीक्षा से जुड़ी जानकारी की जगह एक मीम वीडियो खुल रहा है।
QR कोड स्कैन करते ही खुला ‘Rickroll’ वीडियो
छात्रों के मुताबिक, परीक्षा के बाद जब उन्होंने प्रश्नपत्र पर दिए QR कोड को स्कैन किया तो वे सीधे 1987 के मशहूर गाने “Never Gonna Give You Up” के वीडियो पर पहुंच गए। यह वीडियो इंटरनेट पर ‘Rickroll’ मीम के नाम से काफी लोकप्रिय है। कुछ छात्रों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी शेयर किया, जिसके बाद यह मामला तेजी से वायरल हो गया।
क्यों दिया जाता है प्रश्नपत्र पर QR कोड
दरअसल बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों पर QR कोड इसलिए दिया जाता है ताकि परीक्षा से जुड़ी जानकारी की पुष्टि की जा सके और पेपर की प्रामाणिकता जांची जा सके। आमतौर पर छात्र इसे स्कैन नहीं करते, लेकिन इस बार मीम की बात सामने आने के बाद बड़ी संख्या में छात्रों ने इसे चेक करना शुरू कर दिया।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस दावे के सामने आने के बाद रेडिट, एक्स और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर इसे लेकर बहस तेज हो गई। दिल्ली समेत कई राज्यों के छात्रों ने कहा कि उनके प्रश्नपत्र के QR कोड को स्कैन करने पर भी वही वीडियो खुल रहा था। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर मीम्स और मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई।
CBSE ने दी सफाई
वायरल हो रहे वीडियो और मीम्स के बीच CBSE ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। बोर्ड ने कहा कि परीक्षा में इस्तेमाल किए गए प्रश्नपत्र पूरी तरह असली हैं और उनकी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ है। साथ ही बोर्ड ने भरोसा दिलाया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।



