CBI की बड़ी कार्रवाई, रक्षा मंत्रालय के लेफ्टिनेंट कर्नल गिरफ्तार

CBI ने रक्षा मंत्रालय के अधिकारी पर शिकंजा कसते हुए रिश्वतखोरी के मामले में लेफ्टिनेंट कर्नल को किया गिरफ्तार छापेमारी में 2.23 करोड़ रुपये नकद बरामद

सीबीआई ने रिश्वतखोरी के एक बड़े मामले में रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग (Department of Defence Production) में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार को गिरफ्तार किया है। उन पर निजी कंपनियों से रिश्वत लेने और उन्हें गलत तरीके से फायदा पहुंचाने के गंभीर आरोप हैं।

 

19 दिसंबर को मिली थी शिकायत

लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार रक्षा उत्पादन विभाग में डिप्टी प्लानिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। 19 दिसंबर को रक्षा मंत्रालय को उनके खिलाफ रिश्वत से जुड़ी शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाकर 3 लाख रुपये की रिश्वत देने वाले विनोद कुमार को रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद सीबीआई ने दिल्ली, बेंगलुरु और राजस्थान में दीपक कुमार से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की।

 

छापेमारी में 2.23 करोड़ रुपये नकद बरामद

सीबीआई की छापेमारी के दौरान दिल्ली स्थित आवास से रिश्वत में लिए गए 3 लाख रुपये के अलावा कुल 2 करोड़ 23 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 23 दिसंबर तक सीबीआई हिरासत में भेज दिया गया है।

 

एक निजी व्यक्ति भी गिरफ्तार

इस मामले में सीबीआई ने लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा के साथ-साथ एक निजी व्यक्ति विनोद कुमार को भी गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि इस रिश्वतखोरी के नेटवर्क में दुबई की एक कंपनी की भूमिका भी संदिग्ध है।

 

निजी कंपनियों को गलत फायदा पहुंचाने का आरोप

सीबीआई के अनुसार, लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा डिफेंस प्रोडक्शन और एक्सपोर्ट से जुड़ी निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर आपराधिक साजिश रचते थे। आरोप है कि वे रिश्वत लेकर संबंधित कंपनियों को सरकारी विभागों और मंत्रालयों में गलत तरीके से लाभ पहुंचाते थे।

 

राजीव यादव और रवजीत सिंह भी जांच के घेरे में

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कंपनी के भारत ऑपरेशंस राजीव यादव और रवजीत सिंह संभाल रहे थे, जो बेंगलुरु में रहते हैं। दोनों आरोपी नियमित रूप से लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा के संपर्क में थे और सरकारी विभागों से गैर-कानूनी तरीके से फायदे उठाने में शामिल थे। सीबीआई के मुताबिक, 18 दिसंबर 2025 को विनोद कुमार ने कंपनी के निर्देश पर लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा को 3 लाख रुपये की रिश्वत दी थी।

Related Articles

Back to top button