हरियाणा चुनाव से ठीक पहले बसपा और इनेलो में पड़ी फूट, कांग्रेस को फायदा

हरियाणा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बहुजन समाज पार्टी और इनेलो को बड़ा झटका मिला है। शनिवार शाम इनेलो और बसपा के 3 नेताओं ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया। इनमे इनेलो के जिलाध्यक्ष धर्मवीर केमिस्ट और बसपा के प्रत्याशी मदन लाल गुर्जर भी शामिल हैं। सभी ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण की।

शनिवार शाम इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के जिलाध्यक्ष धर्मवीर केमिस्ट ने कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला की मौजूदगी में कांग्रेस का दामन थामा। उनके साथ ही कैथल से बसपा प्रत्याशी मदन लाल गुर्जर भी कांग्रेस में शामिल हुए। इनके अलावा कलायत के पूर्व विधायक जोगीराम वाल्मीकि ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

बसपा को लगातार दूसरे दिन झटका

गौरतलब है कि मदन लाल गुर्जर से पहले बसपा नेता करतार सिंह भी बसपा छोड़ शुक्रवार को बीजेपी में शामिल हो गए थे। करतार सिंह हरियाणा के पूर्व मंत्री और तीन बार विधायक रह चुके हैं। बीजेपी के महासचिव अरुण सिंह ने बीजेपी मुख्यालय में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। शनिवार को लगातार दूसरे दिन बसपा ने अपना बड़ा नेता खोया। राज्य में चुनाव से ठीक पहले पार्टी के बड़े नेताओं का इस तरह पार्टी छोड़ जाना एक बड़ा झटका है।

Related Articles

Back to top button