छठ पर्व के आयोजन की अनुमित नहीं मिलने पर BJP के कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल का फूंका पुतला

नई दिल्ली : छठ महापर्व की सार्वजनिक जगहों पर पूजन के आयोजन की अनुमति नहीं मिलने पर भाजपा के उत्तर पूर्वी जिले के खजूरी मंडल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का पुतला दहन किया और इसके विरोध में  जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष मोहन गोयल ने किया, जबकि कार्यक्रम का आयोजन खजूरी मंडल के अध्यक्ष प्रमोद झा ने किया। भाजपा विधायक मोहन बिष्ठ और अजय महावर ने भी खजूरी मंडल के कार्यकर्ताओं के इस विरोध प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया और प्रदर्शन में शामिल हुए।

इस अवसर पर उपस्थिति कार्यकर्ताओं को संबोधित करते भाजपा विधायक बिष्ट ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला करते हुए कहा कि धर्म में भी राजनीतिक स्वार्थ ढूंढने वाले केजरीवाल करोड़ों रुपया खर्च कर अक्षरधाम में बड़ा आयोजन तो करा सकते हैं लेकिन जब दिल्ली के लाखों लोगों की आस्था की बात आती है तो छठ महापर्व को प्रतिबंधित कर आस्था पर चोट पहुंचाने का काम कर रहे हैं। यह हरकत उनकी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा राज्य के मुख्यमंत्री यमुना तट पर सामाजिक दूरी का पालन कराते हुए छठ महापर्व का आयोजन करा सकते थे, लेकिन केजरीवाल की नियत में ही खोट थी।

विधायक महावर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने छठी मैया के साथ-साथ दिल्ली के लाखों पूर्वांचल वासियों की आस्था पर चोट की है, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लाखों पूर्वांचलवासी इस महापर्व के लिए केजरीवाल और उनकी सरकार को माफ नहीं करेंगे। आज के प्रदर्शन के साथ अब मुख्यमंत्री और उनकी सरकार की उलटी गिनती भी शुरू हो चुकी है, जिसका परिणाम आने वाले दिनों में दिल्ली की जनता देखेगी। वहीं जिला अध्यक्ष गोयल ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल छठ पूजा को प्रतिबंधित कर दिल्ली के लाखों पूर्वांचल वासियों को अपमानित करने का षड्यंत्र कर रहे हैं, जिसकी भाजपा कड़ी निंदा करती है।

इस अवसर पर विधायक और पूर्व जिला अध्यक्ष अजय महावर, करावल नगर के विधायक मोहन सिंह बिष्ट, भाजपा नेता आनंद त्रिवेदी, ठाकुर बृजेश सिंह, अक्षय पुरोहित, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजकुमार झा, सतीश झा, जगदीश सारस्वत सहित अन्य पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।

 

Related Articles

Back to top button