भाजपा ने जिले के 927 बूथों में मनाई एकात्म मानववाद के महान चिंतक पंडित जी की जयंती

हमीरपुर। एकात्म मानववाद के महान चिंतक अंत्योदय के प्रणेता युवाओं के प्रेरणा स्रोत त्याग एवं तपस्या की प्रतिमूर्ति पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 104 वीं जयंती शुक्रवार को जनपद के 927 बूथों में मनाई गई।

भाजपा द्वारा प्रत्येक बूथ में मनाए जाने वाले 6 राष्ट्रीय कार्यक्रमों के अंतर्गत आज भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा जनपद के प्रत्येक बूथ में पंडित दीनदयाल जी के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन तथा संगोष्ठी के माध्यम से पंडित दीनदयाल की जयंती को मनाया गया। इसकी शुरुआत हमीरपुर विधानसभा के कुम्हउपुर ग्राम में पूर्व जिलाध्यक्ष संत विलास शिवहरे वही राठ विधानसभा में बजेहटा, पाण्डेय पुर, अछपुरा ग्राम में कार्यक्रम के प्रभारी व जिला महामंत्री नरवेंद्र सिंह ने शुभारंभ किया।

पूर्व जिलाध्यक्ष संत विलास शिवहरे ने आयोजित संगोष्ठी में कहा कि राजनीतिक दल जनता के प्रतिनिधि के रूप में निर्मित किए जाते हैं। लोक शक्ति ही उनका आधार है। लोग ही राजनीतिक दलों के शिल्पी होते हैं और अपने राजनीतिक भविष्य का निर्माण करते हैं। कार्यक्रम के संयोजक व भाजपा जिला मंत्री किशन व्यास ने नदेहरा ग्राम में कहा राजनीतिक दल केवल सत्ता के प्यासे लोगों का जमघट नहीं वरन वह धेयवादी, समर्पित एवं विशिष्ट विचारधारा के लिए प्रयत्नशील रहने वाले लोगों का सांघिक अस्तित्व एवं अनुशासित संगठन हुआ करता है।
पूर्व मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने ग्राम चंदौली जार में कहा संघ प्रतिबंध के समय 1948 से सक्रिय राजनीति करने वाले पंडित दीनदयाल जी का स्पष्ट मानना था कि लोकतंत्र न बहुमत का शासन है, न अल्पमत का, वह जनता की सामान्य इच्छा का शासन है। श्रेष्ठ दल वह है जो सत्ता पर अधिकार प्राप्त करने के इच्छुक व्यक्तियों का झुंड न होकर एक जीवमान संगठन हो जिसकी सत्ता के अतिरिक्त एक अलग विशिष्टता हो।

जिले के मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता, वेद प्रकाश आर्य, चक्रवर्ती शुक्ला, अरिमर्दन सिंह, अरविंद शर्मा अतुल सिंह परिहार, अजय तिवारी प्रमोद अग्रवाल, रविंद्र शर्मा, रामसेवक राजपूत, अनिल राजपूत, अरुण लोधी के नेतृत्व में जिले के सभी बूथों पर जिला के वरिष्ठ नेताओं व जनप्रतिनिधियों के सहित तमाम प्रमुख कार्यकर्ता आज पंडित दीनदयाल जी की 104वीं जयंती पर संगठन द्वारा अपेक्षित करणीय कार्य अंतर्गत भाजपा पदाधिकारियों द्वारा दो-दो, तीन-तीन बूथों में पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए जहां उनके जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला वहीं उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प भी दोहराया। जिले के 927 बूथों पर पहुंच कर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए उन्हें नमन करते हुए कहा कि एकात्म मानववाद विचार दर्शन में व्यक्ति, परिवार, समाज, राष्ट्र और मानवता समाहित है।

Related Articles

Back to top button