Bihar news: पटना के आलमगंज में भीषण आग, कमेटी उत्सव हॉल धू-धूकर जला
आलमगंज के बजरंगपुरी में हड़कंप कमेटी उत्सव हॉल में लगी भीषण आग, पूरा इलाका दहशत में। 14 से ज्यादा फायर ब्रिगेड मौके पर घरों को कराया गया खाली, आग पर काबू पाने की कोशिश जारी। शादी नहीं होने से टली बड़ी अनहोनी लाखों की संपत्ति जलकर खाक, आग लगने के कारणों की जांच।

Bihar news: बिहार की राजधानी पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र के बजरंगपुरी में मंगलवार सुबह (10 फरवरी 2026) उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कमेटी उत्सव हॉल में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरा हॉल धू-धूकर जलने लगा। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 14 से ज्यादा छोटी-बड़ी गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। एहतियातन आसपास के घरों को खाली कराया गया, वहीं स्थानीय लोग अपने घरों से गैस सिलेंडर और जरूरी सामान सुरक्षित जगह पर ले जाते नजर आए।
कबाड़ी दुकान से शुरू हुई आग, हॉल तक पहुंची लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बजरंगपुरी मोहल्ले में स्थित एक कबाड़ी दुकान के पीछे से अचानक धुआं उठने लगा। शुरुआत में लोगों को लगा कि दुकान में किसी सामान को जलाया जा रहा है, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और बगल में स्थित कमेटी उत्सव हॉल को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
लाखों की संपत्ति जलकर खाक, कारणों की जांच जारी
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस आग में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई है। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंच गया। अग्निशमन दस्ते के पदाधिकारी गयानंद सिंह ने बताया कि सभी फायर कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हैं और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
शादी का कार्यक्रम नहीं था, टली बड़ी अनहोनी
स्थानीय निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि चंद्रमणि उत्सव पैलेस में आमतौर पर शादी-विवाह के कार्यक्रम चलते रहते हैं, लेकिन सोमवार रात कोई कार्यक्रम नहीं था। अगर उस समय शादी होती, तो जान-माल का नुकसान कहीं ज्यादा हो सकता था।



