मुंबई के सांताक्रूज में दिल दहला देने वाली वारदात, बोरी में मिला युवक का सिर कटा शव
सांताक्रूज में जुहू कोलीवाडा बीच के पास बोरी में मिला युवक का सिर कटा शव मृतक की पहचान मालवणी निवासी अनिल गौड के रूप में, 29 जनवरी से थे लापता पत्नी से पूछताछ जारी, पुलिस कई एंगल से खौफनाक हत्या की जांच में जुटी

Maharashtra news: मुंबई के सांताक्रूज इलाके में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जुहू कोलीवाडा समुद्र तट के पास एक बोरी में बंद युवक का सिर कटा शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, पूरे इलाके की घेराबंदी की गई और जांच शुरू की गई। प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक की बेरहमी से हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के इरादे से शव को समुद्र में फेंका गया था।
29 जनवरी से था लापता, छह दिन बाद दर्ज हुई शिकायत
जांच के दौरान मृतक की पहचान मलाड के मालवणी निवासी अनिल गौड (30) के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक अनिल 29 जनवरी 2026 से लापता थे। हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि अनिल की पत्नी ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत छह दिन बाद, 4 फरवरी को पुलिस में दर्ज कराई थी।
पत्नी हिरासत में, कई एंगल से जांच
शिकायत दर्ज कराने में हुई देरी को लेकर पुलिस का शक और गहरा गया है। इसी के चलते अनिल की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मृतक की आखिरी लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, पैसों के लेन-देन और पारिवारिक रिश्तों समेत हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद गंभीर और संवेदनशील है। जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और आने वाले दिनों में इस खौफनाक हत्या से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।



