भोपाल: बीच शहर में स्थित सोया तेल मिल में लगी आग, 150 से ज्यादा रहवासियों को हटाया

भोपाल। शहर के बीच स्थित आजाद मार्केट की एक सोया मिल में मंगलवार सुबह आग लग गई। तीन मंजिला बिल्डिंग में रहने वाले 40 से ज्यादा लोग आग के कारण फंस गए। तेल की ज्यादा मात्रा होने के कारण आग भड़क गई थी। मौके पर शहर के 3 फायर स्टेशन से 7 से ज्यादा गाड़ियां भेजी गईं। फायर ब्रिगेड के 50 से ज्यादा कर्मचारियों को लगाया गया। उसके बाद ही लोगों को निकालकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया।

आग भड़कने के बाद पुलिस और प्रशासन ने आसपास के करीब 100 से ज्यादा रहवासियों से उनके मकान खाली करा लिए। आग सुबह करीब साढ़े 8 बजे लगी थी। राहत ही बात यह रही कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। फायर कर्मचारी अकील ने बताया कि तेज होने के कारण आग बढ़ने का खतरा ज्यादा था, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।

मंगलवारा पुलिस के अनुसार, इंद्रपुरी निवासी रमेश कुमार चावला की शंकर सोया तेल मिल आजाद मार्केट में है। तीन मंजिला बिल्डिंग में नीचे मिल और ऊपर लोग रहते हैं। सुबह करीब साढ़े 8 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग पर काबू पा लिया है। इसमें करीब ढाई घंटे का समय लगा। उन्होंने इससे करीब सवा करोड़ रुपए के नुकसान की आशंका जताई है। मिल में जाने का एक मात्र रास्ता सामने से ही था। बताया जाता है कि आग मिल के बाहर लगे बिजली मीटर में लगी थी। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। तारों का जाल होने के कारण आग फैल गई। इससे कई बार धमाके भी हुए। हालांकि करीब ढ़ाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। अच्छी बात यह रही कि इसमें कोई भी घायल नहीं हुआ। पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर उसकी जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button