Shocking Video: लंदन से लौटी NRI फैमिली पर हमला, बेटा-बेटी लहूलुहान, पुलिसवाले ने बुलाए बदमाश!

Madhya Pradesh: भिंड जिले के गोहद में गुरुवार को लंदन से आए एनआरआई दंपति और उनके परिवार पर रास्ते में बदमाशों ने हमला कर दिया। डंडों से की गई इस वारदात में बेटे रोहनप्रीत सिंह के चेहरे और बेटी रवनीत कौर के हाथ में चोट आई। चलती कार पर हमला कर कार के साइड ग्लास और खिड़कियां भी तोड़ दी गईं। घटना गोहद स्टेशन रोड और जसवंतपुरा गांव के बीच हुई, जिसका वीडियो शुक्रवार को सामने आया।
ढाई साल बाद आया था ससुराल
लंदन निवासी एनआरआई डॉ. विक्रमजीत सिंह अपनी पत्नी राजवीर कौर, बेटी रवनीत कौर और बेटे रोहनप्रीत सिंह के साथ जसवंतपुरा गांव (गोहद) अपनी ससुराल आए थे। विक्रमजीत मूलतः अशोकनगर के रहने वाले हैं और ढाई साल बाद ससुराल पहुंचे थे। गोहद कस्बे के स्टेशन रोड पर उनकी कार साइड में खड़ी थी और परिवार फल खरीद रहा था।
आरक्षक से विवाद और वीडियो बनाने पर बहस
आरोप है कि इस दौरान सिविल ड्रेस में गोहद चौराहा थाने का आरक्षक कुलदीप कुशवाहा वहां आया और एनआरआई दंपति से बहस करने लगा। उसने कार का वीडियो बनाना शुरू किया। जब परिवार ने आपत्ति जताई और आईडी दिखाने को कहा तो आरक्षक भड़क गया।
चलती कार पर हमला, बेटे-बेटी घायल
इसके बाद परिवार कार से जसवंतपुरा जा रहा था। तभी रास्ते में एक ढाबे के पास कुछ बदमाश डंडे लेकर खड़े थे। उन्होंने कार रोकने की कोशिश की और नहीं रुकने पर चलती कार पर हमला कर दिया। इस हमले में रोहनप्रीत के चेहरे और रवनीत के हाथ में चोट लगी। कार के शीशे और खिड़कियां भी टूट गईं।
पीड़ित एनआरआई का बयान
डॉ. विक्रमजीत सिंह ने बताया कि जब उन्होंने कार साइड में पार्क की थी, तभी एक युवक ने कहा, “ये सरदार, गाड़ी हटा।” उन्होंने विरोध किया तो युवक ने अभद्र भाषा में बात की और वीडियो बनाना शुरू कर दिया। पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने वीडियो बनाने से रोका तो आरक्षक ने फोन कर गुंडों को बुलाया और उन लोगों ने कार पर हमला कर दिया।
एम्बेसी में की शिकायत, आरक्षक पर कार्रवाई
एनआरआई दंपति ने इस घटना की शिकायत गोहद थाना प्रभारी से की, लेकिन शुरुआती तौर पर पुलिस ने आरक्षक का पक्ष लिया। इसके बाद पीड़ित ने शिकायत भारतीय दूतावास (Embassy) तक पहुंचाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए भिंड एसपी असित यादव ने आरक्षक कुलदीप कुशवाहा को थाने से हटाकर लाइन अटैच कर दिया।
सिख समाज का आक्रोश
घटना के बाद सिख समाज के लोग बड़ी संख्या में गोहद पहुंचे और आरोपी आरक्षक पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। विधायक केशव देसाई भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार का पक्ष लिया। उन्होंने कहा कि आरक्षक कुलदीप के खिलाफ पहले से शिकायतें रही हैं।
पुलिस की सफाई
गोहद थाना प्रभारी रोहित गुप्ता ने कहा कि आरक्षक को लेकर लोगों में असंतोष है। फिलहाल उसे लाइन अटैच कर दिया गया है और हमलावरों की पहचान की जा रही है।



