बंगाल : 43 हजार सैंपल टेस्ट, 3185 पॉजिटिव

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कोरोना संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। साथ ही तेजी से रिकवरी रेट भी बढ़ने लगा है। रविवार को राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक अब यहां रिकवरी रेट बढ़कर 87.67 फ़ीसदी पर पहुंच चुका है। हालांकि चिंता वाली बात यह है कि एक्टिव लोगों की संख्या भी बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान कुल 43618 लोगों के सैंपल जांचे गए हैं। इनमें से 3185 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसकी वजह से राज्य में अब तक इस महामारी की चपेट में आने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 247425 पर पहुंच गई है। इनमें से पिछले 24 घंटे के दौरान 2946 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे हैं जिसकी वजह से स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 216921 पर पहुंची है। इसके साथ ही राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान एक्टिव लोगों की संख्या में 179 की बढ़ोतरी हुई है और 25723 मरीज संक्रमित रह गए हैं जो विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत हैं। हालांकि पिछले 24 घंटे में 60 लोगों की मौत इस महामारी के कारण हुई है। इसके कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 4781 पर पहुंची है। अब तक कुल 3098657 लोगों के सैंपल जांच गए हैं इनमें से 7.98 फ़ीसदी लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि राज्य में जिस तेजी से रिकवरी रेट बढ़ रहा है उसे देखते हुए संभावना प्रबल है कि इस महीने के अंत तक बंगाल महामारी से मुक्त हो सकता है।

Related Articles

Back to top button