हैदराबाद में एक और लड़की से दरिंदगी, मदद के बहाने किया बलात्कार

महिला डॉक्टर के बाद अब हैदराबाद में एक और रेप का मामला सामने आया है। घर पहुंचने में मदद के बहाने एक ऑटो रिक्शा चालक ने 18 साल की लड़की का यौन शोषण किया। मामला दर्ज कर लिया गया है। बता दें कि तकरीबन 2 सप्ताह पहले ही हैदराबाद में एक महिला डॉक्टर के साथ सामूहिक बलात्कार कर, उसे जलाने का मामला सामने आया था। मामले के आरोपियों का एनकाउंटर कर दिया गया था।

मामला चंद्रयांगुत्ता थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 8 दिसंबर की रात, 18 वर्षीय पीड़िता अपनी 10 वर्षीय बहन के साथ रास्ता भूल गई थी। ऐसे में आरोपी ऑटो ड्राइवर ने उन्हें मदद करने के बहाने ऑटो में बिठा लिया। इसके बाद ऑटो ड्राइवर उन्हें नामपल्ली इलाके के एक लॉज में ले गया। यहाँ आरोपी ने लड़की के साथ बलात्कार किया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

गौरतलब है कि नवंबर अंत में हैदराबाद में ही एक 25 वर्षीय महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी की खबर सामने आई थी। युवती की स्कूटी खराब हो गई थी। ऐसे में , नशे में धुत 4 युवकों ने महिला को सहायता ‘ऑफर’ करने के बहाने उसे सुनसान इलाके में ले गए थे। इसके बाद युवकों ने पीड़िता को पहले शराब पिलाई, फिर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। बलात्कार के बाद आरोपियों ने पीड़िता का शव जला दिया था।

इस मामले से देशभर में आक्रोश पैदा हो गया था। लोग आरोपियों के लिए मृत्युदंड की मांग कर रहे थे। गिरफ्तार करने के बाद आरोपियों को मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया था। यहाँ से भागने की कोशिश करने पर आरोपियों का एनकाउंटर कर दिया गया। हालाँकि इस एनकउंटर के खिलाफ तेलंगाना हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। सुनवाई के बाद मामले की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने एक तीन सदस्यीय आयोग का गठन किया है। बॉम्बे हाईकोर्ट की पूर्व न्यायमूर्ति रेखा सोनदुर बालदोता और पूर्व सीबीआई डायरेक्टर डीआर कर्तिकेयन को इस जांच आयोग का सदस्य बनाया गया है।

Related Articles

Back to top button