भारत-पाक बॉर्डर के पास आसिम मुनीर का दौरा, ड्रोन उड़ाते दिखे सेना प्रमुख
भारत-पाक तनाव के बीच सीमावर्ती इलाकों में बढ़ी पाक सेना की गतिविधियां लाहौर गैरीसन में परिचालन तैयारी और ड्रोन ऑपरेशन का लिया जायजा राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर सख्त रुख, जवानों में भरा जोश

Asif munir: पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने गुरुवार को भारत-पाक सीमा से सटे इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लाहौर गैरीसन पहुंचकर वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से मुलाकात की और जमीनी हालात की समीक्षा की। पाकिस्तानी सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मुनीर को सैन्य टुकड़ियों की परिचालन तत्परता, प्रशिक्षण स्तर और युद्ध क्षमता बढ़ाने से जुड़ी अहम जानकारियां दी गईं।
ड्रोन गतिविधियों का लिया जायजा, वीडियो वायरल
आसिम मुनीर के दौरे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है। वीडियो में वह सैन्य अधिकारियों के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद उन्होंने ड्रोन ऑपरेशन का निरीक्षण किया और जवानों को ड्रोन उड़ाते हुए देखा। इस दौरान मुनीर ने जवानों का हौसला भी बढ़ाया।
भारत-पाक तनाव के बीच बढ़े सीमाई दौरे
गौरतलब है कि पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में तल्खी बनी हुई है। ऐसे माहौल में आसिम मुनीर के सीमाई इलाकों के दौरे बढ़ गए हैं। भारतीय सेना और सुरक्षा एजेंसियां पाकिस्तान की हर गतिविधि पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। मुनीर के इस दौरे की जानकारी पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग ISPR ने आधिकारिक बयान के जरिए दी है।
किसी भी खतरे पर नरमी नहीं: पाक सेना
पाक सेना के बयान के मुताबिक, अधिकारियों को संबोधित करते हुए फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े किसी भी खतरे को लेकर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने बहुआयामी चुनौतियों का सामना करने के लिए सेना के अटूट संकल्प को दोहराया।
जवानों को दिया संप्रभुता की रक्षा का संदेश
मुनीर ने अपने संबोधन में कहा कि पाकिस्तानी सशस्त्र बल देश की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और आंतरिक स्थिरता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अनुशासन, उत्कृष्टता और निस्वार्थ राष्ट्रीय सेवा की भावना को सेना की पहचान बताया।



