बिहार चुनाव में अखिलेश यादव की एंट्री, कांग्रेस के अजय राय बने यूपी से इकलौते स्टार प्रचारक
बिहार चुनाव 2025 में अखिलेश यादव 1 नवंबर से रैलियां शुरू करेंगे, जबकि यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय स्टार प्रचारक बनाए गए हैं। इंडिया अलायंस बिहार में बेरोजगारी, शराबबंदी और भ्रष्टाचार को मुख्य मुद्दा बनाकर जनता से वोट मांगेगा।

लखनऊ: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस बार उत्तर प्रदेश के फायरब्रांड नेता भी बिहार के चुनावी रण में उतर रहे हैं। एनडीए की ओर से जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रचार अभियान संभाल रहे हैं, वहीं इंडिया अलायंस की ओर से समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय मोर्चा संभालेंगे।
1 नवंबर से अखिलेश यादव की रैलियों की शुरुआत
सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव 1 नवंबर से बिहार में ताबड़तोड़ चुनावी रैलियां शुरू करेंगे। वे पहले चरण की 121 विधानसभा सीटों पर एक दिन में कई रैलियों को संबोधित कर सकते हैं। सपा प्रवक्ता आजम खान ने बताया कि अखिलेश यादव 6 से 7 रैलियां कर सकते हैं और तेजस्वी यादव तथा राहुल गांधी के साथ संयुक्त और अलग–अलग सभाएं भी करेंगे।
सपा मानती है कि अखिलेश की रैलियां इंडिया अलायंस के लिए निर्णायक साबित होंगी, क्योंकि वे सेक्युलर पॉलिटिक्स के चेहरा हैं और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग को एकजुट करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
कांग्रेस से सिर्फ अजय राय स्टार प्रचारक
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को बिहार चुनाव के लिए एकमात्र स्टार प्रचारक घोषित किया है। उन्होंने कहा कि “मैं सौभाग्यशाली हूं कि पार्टी ने मुझे यह जिम्मेदारी दी। बिहार से हमारा पुराना रिश्ता है और इस बार जनता परिवर्तन के लिए तैयार है।”
अजय राय को बक्सर जिले की विशेष जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चुनाव के मुख्य मुद्दे हैं। अजय राय का दावा है कि इंडिया अलायंस जनता के मुद्दों पर चुनाव जीतने की स्थिति में है।
इंडिया अलायंस की रणनीति
सपा और कांग्रेस दोनों का मानना है कि अखिलेश यादव की मौजूदगी से इंडिया अलायंस उम्मीदवारों को बढ़त मिलेगी। सपा ने आधिकारिक रूप से अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी का फोकस फर्जी प्रचार और धार्मिक ध्रुवीकरण के खिलाफ “जनता के मुद्दे” उठाने पर रहेगा।



