Ajit Pawar Plane Crash: बारामती हादसे में डिप्टी सीएम के PSO विदीप जाधव का भी निधन

बारामती प्लेन क्रैश में डिप्टी सीएम अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत। हादसे में उनके वफादार PSO विदीप जाधव भी शहीद। पड़ोसियों और परिवार ने मुआवजे और निष्पक्ष जांच की मांग की।

महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार को हुए दर्दनाक प्लेन क्रैश ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का निधन हो गया। उनके साथ प्राइवेट जेट में सवार सभी 5 लोगों की भी मौत हो गई। इन्हीं में अजित पवार के अंगरक्षक (PSO) विदीप दिलीप जाधव भी शामिल थे। हादसे के बाद जब टीम विदीप जाधव के ठाणे के विटावा स्थित किराये के मकान पर पहुंची, तो उनके कमरे पर ताला लटका मिला। आसपास के लोगों से बातचीत में विदीप जाधव के व्यक्तित्व और जीवन से जुड़ी कई भावुक बातें सामने आईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि विदीप जाधव पिछले कई वर्षों से विटावा के ‘श्रीकृष्ण विहार’ में रह रहे थे। रिश्तेदारों और पड़ोसियों के अनुसार, विदीप बेहद सरल स्वभाव के इंसान थे। वे अपने काम से काम रखते थे, सभी से मिलजुल कर रहते थे और कभी किसी से ऊंची आवाज़ में बात नहीं करते थे।

 

पड़ोसियों ने बताया, विदीप के परिवार में कौन-कौन?

 

पड़ोसी श्रुति वाल्कर ने बताया कि विदीप जाधव के परिवार में माता-पिता, पत्नी और एक बेटा-बेटी हैं। उन्होंने कहा, “सुबह जब वो ड्यूटी पर जा रहे थे, तब हमने उन्हें बाइक से जाते हुए देखा था। दो-तीन घंटे बाद हादसे की खबर मिली। पहले दादा के निधन की सूचना आई और फिर पता चला कि विदीप भी नहीं रहे।” पड़ोसियों का कहना है कि इस हादसे की गहराई से जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार कंपनी पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

साये की तरह अजित पवार के साथ रहते थे विदीप जाधव

विदीप दिलीप जाधव महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बेहद वफादार और सतर्क PSO थे। वे साल 2009 से मुंबई पुलिस में सेवा दे रहे थे और लंबे समय से अजित पवार की सुरक्षा में तैनात थे। हर दौरे, हर सभा और हर कार्यक्रम में वे साये की तरह उनके साथ रहते थे। दुर्भाग्यवश बारामती में हुए चार्टर विमान हादसे में विदीप जाधव ने भी अपनी जान गंवा दी, जिसमें विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई।

 

ठाणे के विटावा के रहने वाले थे अजित पवार के PSO

जानकारी के अनुसार विदीप जाधव मूल रूप से ठाणे के विटावा इलाके के रहने वाले थे। 2009 से मुंबई पुलिस में कार्यरत विदीप की पहचान एक बेहद अनुशासित, सतर्क और भरोसेमंद पुलिसकर्मी के रूप में थी। अजित पवार के कार्यक्रमों और दौरों के दौरान उनकी सुरक्षा में उनकी भूमिका बेहद अहम रहती थी।विदीप जाधव के पड़ोसी सुशांत सूर्यराव, ऋषिकेश सहित अन्य लोगों ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने के साथ-साथ मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

Related Articles

Back to top button