छठ पर उड़ी टिकटों की कीमतें: लखनऊ से दिल्ली-मुंबई-बेंगलुरु के किराए 4 गुना तक बढ़े
छठ पर्व के चलते लखनऊ से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और पटना की फ्लाइट्स के किराए तीन से चार गुना बढ़ गए हैं। बढ़ती यात्रियों की संख्या देखते हुए एयरलाइंस ने पटना रूट पर अतिरिक्त उड़ानों की तैयारी शुरू कर दी है।

लखनऊ: त्योहारी सीजन में हवाई यात्रा की मांग बढ़ने से अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में लखनऊ से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु की उड़ानों के किराए में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। पहले 3,500 से 4,000 रुपए में मिलने वाली टिकटें अब 12,000 से 14,000 रुपए तक पहुंच गई हैं। इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और आकासा एयर जैसी सभी प्रमुख एयरलाइंस ने अपने किराए बढ़ा दिए हैं।
लखनऊ से दिल्ली: किराया तीन गुना से ज्यादा
15 से 25 अक्टूबर के बीच लखनऊ–दिल्ली फ्लाइट्स का औसतन किराया 4,000 रुपए से बढ़कर 12,000 रुपए से ऊपर चला गया है। आखिरी हफ्ते में आकासा एयर की टिकटें 14,000 रुपए से भी ज्यादा में बिक रही हैं।
मुंबई और बेंगलुरु रूट पर भी महंगाई
लखनऊ से मुंबई के बीच किराए 4,000 रुपए से बढ़कर अब औसतन 10,000 रुपए तक पहुंच चुके हैं।
वहीं लखनऊ–बेंगलुरु रूट पर इंडिगो और आकासा एयर की टिकटें 8,800 रुपए से लेकर 12,000 रुपए तक पहुंच गई हैं — यानी तीन गुना से ज्यादा बढ़ोतरी।
छठ पर्व से बढ़ी पटना जाने वालों की भीड़
छठ महापर्व के कारण लखनऊ–पटना रूट पर यात्रियों की संख्या में तेज वृद्धि हुई है। पहले 3,900-4,200 रुपए में मिलने वाली टिकटें अब 9,000 से 10,100 रुपए में बिक रही हैं। लगभग सभी फ्लाइट्स फुल बुक हैं। एयरलाइंस ने इस रूट पर अतिरिक्त उड़ानें शुरू करने की तैयारी कर दी है।
ट्रैवल एजेंट बोले— “छठ के कारण बढ़ी मांग”
ट्रैवल एजेंट्स के मुताबिक, बिहार से बाहर काम करने वाले लोग छठ मनाने के लिए घर लौट रहे हैं। इस वजह से पटना रूट पर टिकटों की मांग अचानक बढ़ी, जिससे हवाई किरायों में तेज उछाल आया है।



