आगरा में 120 की रफ्तार में बेकाबू कार ने मचाई तबाही: 7 को कुचला, 5 की मौत
आगरा में 120 किमी रफ्तार से दौड़ती कार ने जोमैटो डिलीवरी बॉय और घर के बाहर बैठे लोगों को रौंद दिया। हादसे में 5 की मौत, 2 घायल। भीड़ ने आरोपी ड्राइवर की पिटाई की, पुलिस ने बचाकर थाने ले गई।

आगरा: शुक्रवार रात एक बेकाबू टाटा नेक्सन कार ने मौत का तांडव मचा दिया। 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही कार ने पहले एक जोमैटो डिलीवरी बॉय को टक्कर मारी और फिर घर के बाहर बैठे 6 लोगों को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
डिलीवरी बॉय को टक्कर के बाद घर के बाहर बैठे लोगों पर चढ़ी कार
हादसा न्यू आगरा थाना क्षेत्र के नगला पुरी इलाके में हुआ। कार ने पहले बाइक सवार जोमैटो डिलीवरी बॉय भानु प्रताप को टक्कर मारी, फिर घर के बाहर बैठे लोगों को कुचल दिया। टक्कर के बाद कार डिवाइडर से जा टकराई और तीन बार पलट गई। कार के नीचे एक युवक फंस गया, जिसे बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया।
अंतिम संस्कार के बाद बैठे थे घरवाले
मृतक कालीचरण के पिता का गुरुवार को निधन हुआ था और शुक्रवार शाम परिवारजन व मोहल्ले के लोग घर के बाहर बैठे थे। उसी समय यह हादसा हुआ। मरने वालों में भानु प्रताप, बबली (40), कमल (23), कृष्णा (20) और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं।
हादसे के बाद उग्र भीड़ ने ड्राइवर को पीटा
हादसे के बाद इलाके में अफरा–तफरी मच गई। गुस्साई भीड़ ने कार चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, भीड़ को शांत कराया और आरोपी ड्राइवर को थाने ले गई।
“अब हमारे छोटे भाइयों का ख्याल कौन रखेगा?”
मृतक बबली की बेटी गुनगुन ने रोते हुए कहा, “मेरी मां की मौत हो गई, अब मेरे तीन छोटे भाइयों का क्या होगा?” इस हादसे ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने कार जब्त कर जांच शुरू कर दी है।



