कयामत की झूठी भविष्यवाणी कर करोड़ों की ठगी, घाना में फर्जी पैगंबर गिरफ्तार

25 दिसंबर को कयामत आने का दावा कर लोगों में डर फैलाया नाव में जगह दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये वसूले लग्ज़री गाड़ियों के वीडियो वायरल होने के बाद हुआ खुलासा

Ghana: अफ्रीकी देश घाना में खुद को पैगंबर बताने वाले एक शख्स को सिक्योरिटी फोर्स ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम एबो नोआ है, जिसने दावा किया था कि 25 दिसंबर को दुनिया में भीषण बाढ़ आएगी और कयामत शुरू हो जाएगी।

 

खुद को पैगंबर बताकर फैलाया डर

एबो नोआ ने लोगों को डराकर कहा था कि वह खुदा की तरफ से भेजा गया पैगंबर है और सिर्फ वही लोगों को तबाही से बचा सकता है। उसने यह भी कहा कि जो लोग उसकी बनाई नाव में रहेंगे, वही जिंदा बच पाएंगे। इसी दावे के आधार पर उसने लोगों से करोड़ों रुपये वसूल किए।

 

सोशल मीडिया पर ‘एबो जीजस’ का दावा

एबो नोआ सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर खुद को “एबो जीजस” बताता था। उसने दावा किया कि खुदा ने उसे आने वाली तबाही की जानकारी दी है। बाद में उसने यह भी कहना शुरू कर दिया कि उसने प्रार्थना करके कयामत को टाल दिया है।

 

कयामत से बचाने के नाम पर नाव और उगाही

उसने लोगों को यह भरोसा दिलाया कि 25 दिसंबर से लगातार तीन साल तक भारी बारिश होगी और पूरी दुनिया बाढ़ में डूब जाएगी। उसकी बातों में आकर कई लोगों ने अपनी संपत्ति तक बेच दी और नाव में जगह खरीदने के लिए पैसे दिए।

 

लग्ज़री लाइफ ने खोली पोल

मामले ने तब तूल पकड़ा जब एबो नोआ के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें वह करोड़ों रुपये की लग्ज़री गाड़ियों में घूमता नजर आया। आरोप है कि उसने लोगों से लिए गए पैसे का इस्तेमाल अपनी शान-शौकत पर किया।

 

सिक्योरिटी फोर्स ने किया गिरफ्तार

घाना की सिक्योरिटी फोर्स ने एबो नोआ को झूठी जानकारी फैलाने, लोगों को गुमराह करने और धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button