पूर्व प्रेमिका की शादी में पहुंचा युवक, भाइयों ने पीट-पीटकर मार डाला
हादसे की झूठी कहानी और जंगल में फेंकी गई लाश वीडियोग्राफी के सुराग से बेनकाब हुए हत्यारे भाई दुल्हन की भूमिका की जांच और पांच आरोपियों की गिरफ्तारी

Mp wedding murder: मध्य प्रदेश के बालाघाट में एक शादी की खुशियां उस वक्त मातम और सनसनी में बदल गईं जब एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। दरअसल तरुण लिल्हारे नाम का युवक अपनी पूर्व प्रेमिका की शादी में शामिल होने पहुंचा था, लेकिन वहां मौजूद दुल्हन के भाइयों और उनके दोस्तों को यह नागवार गुजरा। उन्होंने तरुण को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने बड़ी चालाकी से इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की, लेकिन शादी के वीडियो फुटेज ने उनके सारे मंसूबों पर पानी फेर दिया और पुलिस के सामने पूरी सच्चाई आ गई।
हादसा नहीं हत्या थी
रामपायली थाना क्षेत्र के गर्राबोड़ी जंगल में जब तरुण की लाश मिली तो पास में उसकी बाइक भी पड़ी थी। शुरुआत में ऐसा लगा कि यह किसी सड़क हादसे का नतीजा है। मगर जब पुलिस ने बारीकी से तफ्तीश की तो कई संदेह पैदा हुए। मौके पर न तो घसीटने के निशान थे और न ही बाइक ज्यादा क्षतिग्रस्त थी। इसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने साफ कर दिया कि युवक की मौत हादसे से नहीं बल्कि शरीर पर आई गंभीर चोटों की वजह से हुई है।
Mp wedding murder: कैमरे में कैद हुआ सच
तफ्तीश के दौरान पुलिस को तरुण और दुल्हन सविता के पुराने प्रेम संबंधों के बारे में पता चला। जानकारी मिली कि सविता ने ही उसे अपनी शादी में बुलाया था। पुलिस ने जब शादी की वीडियोग्राफी की जांच की तो उसमें तरुण नजर आया। इसी सुराग के आधार पर जब दुल्हन के परिवार वालों से सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
Mp wedding murder: गुस्से में दिया वारदात को अंजाम
दुल्हन के भाई इस बात से नाराज थे कि उनकी बहन का रिश्ता कहीं और तय होने के बाद भी तरुण वहां क्यों आया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और भाई वेदप्रकाश, हरिप्रकाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर तरुण को पीट-पीटकर मार डाला। साक्ष्य मिटाने के लिए उन्होंने शव को जंगल में फेंक दिया और बाइक उसके ऊपर गिरा दी ताकि लोग इसे एक्सीडेंट समझें।
जांच के घेरे में दुल्हन
Mp wedding murder: पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के मुताबिक, इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दो अभी भी फरार हैं। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस पूरी साजिश में दुल्हन की भी कोई भूमिका थी। अगर उसकी संलिप्तता के सबूत मिलते हैं तो उसे भी मामले में आरोपी बनाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में नई विधानसभा के गठन की प्रक्रिया शुरू, राज्यपाल ने भंग की पुरानी सभा



