अयोध्या में ‘सूर्यदेव’ के तेवर तल्ख, रामपथ पर पसरा सन्नाटा!
तेज गर्मी से दर्शन करने वालों की संख्या में भारी गिरावट राहत के लिए AC वेटिंग हॉल और पानी छिड़काव की व्यवस्था रामलला के भोग और अनुष्ठानों में भी किया गया बदलाव

Ram mandir: अयोध्या में पारा क्या चढ़ा, रामलला के दर्शन करने वालों की कतारें छोटी होने लगी हैं। चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने भक्तों के कदम थाम लिए हैं। जहां कुछ दिन पहले तक रामपथ पर पैर रखने की जगह नहीं मिलती थी, वहां अब दोपहर के वक्त सन्नाटा नजर आ रहा है। आंकड़ों की मानें तो श्रद्धालुओं की संख्या में 60 प्रतिशत से ज्यादा की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
1 लाख से घटकर 40 हजार रह गई संख्या
नगर निगम के आंकड़ों ने सबको चौंका दिया है। आम तौर पर जहां रोजाना एक लाख से ज्यादा भक्त जय श्री राम के जयकारों के साथ मंदिर पहुंच रहे थे, वहीं अब यह संख्या सिमटकर 40 हजार के भी नीचे पहुंच गई है। साफ है कि लोग इस जानलेवा गर्मी में घर से बाहर निकलने का रिस्क नहीं लेना चाहते।
Ram mandir: भक्तों को राहत देने की कोशिशें तेज
भले ही भीड़ कम हो गई हो, लेकिन प्रशासन मुस्तैद है। नगर निगम और मंदिर ट्रस्ट ने मोर्चा संभाल लिया है: स्प्रिंकलर से छिड़काव: राम पथ और आसपास के रास्तों पर स्प्रिंकलर मशीनों से पानी की बौछारें की जा रही हैं ताकि जमीन ठंडी रहे। AC वेटिंग हॉल: करीब 3000 भक्तों के बैठने के लिए शानदार वातानुकूलित (AC) प्रतीक्षालय बनाया गया है, ताकि दर्शन से पहले भक्तों को लू न लगे।
Ram mandir: रामलला का बदला ‘मेन्यू’, भोग में शामिल हुआ आम रस
इंसान तो इंसान, भगवान को भी गर्मी से बचाने के जतन किए जा रहे हैं। रामलला के खान-पान में बड़ा बदलाव किया गया है: 1. ठंडा भोग: अब रोजाना भगवान को लस्सी, ताजे फलों का रस और खास तौर पर आम का पना/रस अर्पित किया जा रहा है। 2. खास मिश्रण: सोने के बर्तन में शहद, दही, घी और शीतल जल का मिश्रण चढ़ाया जा रहा है, जो ठंडक का एहसास कराता है।
गर्भगृह में लगे कूलर, सूती वस्त्रों में विराजे प्रभु
Ram mandir: मंदिर के भीतर के माहौल को ठंडा रखने के लिए गर्भगृह में कूलर लगा दिए गए हैं। भारी श्रृंगार और भारी कपड़ों की जगह अब रामलला को हल्के सूती और रेशमी वस्त्र पहनाए जा रहे हैं। साथ ही, उन्हें ठंडे जल से स्नान कराया जा रहा है और अनुष्ठानों के समय में भी थोड़ा फेरबदल किया गया है ताकि प्रभु को गर्मी से बचाया जा सके।
यह भी पढ़ें: ‘अपनी शादी हुई नहीं, सूरदास चले बरतुहारी करने!’, केजरीवाल के बंगाल दौरे पर गिरिराज सिंह का करारा तंज



