गुजरात में शादी की दावत बनी आफत, 400 से ज्यादा लोग फूड पॉइज़निंग का शिकार
दाहोद जिले के गांव में शादी के खाने के बाद अचानक बिगड़ी सैकड़ों की तबीयत, कई अस्पतालों में भर्ती

Gujrat news: गुजरात के दाहोद जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। जिले के अबलोड गांव में आयोजित एक शादी समारोह में खाना खाने के बाद 400 से ज्यादा लोग फूड पॉइज़निंग का शिकार हो गए। जानकारी के मुताबिक, गरबाड़ा तालुका के इस गांव में भरतभाई राठौड़ के बेटे की शादी थी। दावत में शामिल गांव के लोगों ने दाल, चावल, शकपुरी, पापड़, जूस, पनीर और सब्ज़ी खाई थी। लेकिन खाना खाने के कुछ ही घंटों बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।
खाने के कुछ घंटों बाद बिगड़ी हालत
शाम करीब 6 बजे दावत शुरू हुई थी, लेकिन रात 11 बजे के आसपास एक-एक कर लोग उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के साथ बीमार पड़ने लगे। देखते ही देखते पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। हालात इतने बिगड़ गए कि मरीजों को 108 एंबुलेंस, प्राइवेट गाड़ियों और जो भी साधन मिला, उससे अस्पताल पहुंचाया गया।
Gujrat news: अस्पतालों में भर्ती सैकड़ों मरीज
मिली जानकारी के अनुसार: 50 से ज्यादा मरीजों का इलाज ज़ाइडस हॉस्पिटल में चल रहा है, 150 से अधिक लोग अलग-अलग प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती हैं। करीब 200 लोगों का गांव में ही डॉक्टरों द्वारा इलाज किया गया। गांव में ही 5-6 डॉक्टरों और PSC सेंटर के मेडिकल स्टाफ को बुलाकर इमरजेंसी इलाज करना पड़ा।
Gujrat news: फूड डिपार्टमेंट ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक, स्वास्थ्य विभाग और फूड सेफ्टी टीम मौके पर पहुंच गई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आम का जूस या पनीर की सब्ज़ी खराब होने की वजह से फूड पॉइज़निंग फैली हो सकती है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
शादी की खुशियों में पसरा सन्नाटा
Gujrat news: जिस शादी समारोह में खुशियां और जश्न होना था, वहां अचानक सन्नाटा छा गया। पूरे गांव में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जांच रिपोर्ट आने तक संयम बरतने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले सख्ती चरम पर: 4 दिन पहले ‘ड्राई डे’, बाइक पर भी लगी पाबंदी



