पंजाब में ED रेड पर सियासत तेज, AAP ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
ED रेड पर AAP का केंद्र पर हमला तीन दिन में दो नेताओं पर कार्रवाई से बवाल चुनाव से पहले सियासत तेज

Punjab news: पंजाब में महज तीन दिन के भीतर आम आदमी पार्टी के दो नेताओं पर ED की कार्रवाई के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। पहले राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक मित्तल और फिर कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी को लेकर AAP ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत कई नेताओं ने इसे राजनीति से प्रेरित कार्रवाई बताया है।
केजरीवाल का केंद्र पर हमला
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सवाल उठाते हुए कहा कि तीन दिन में यह दूसरी ED रेड है। उन्होंने पूछा कि अब तक AAP नेताओं के यहां हुई छापेमारी में कितना काला धन मिला है। केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह सत्ता के लिए ओछी राजनीति कर रही है, जबकि देश की अर्थव्यवस्था और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
Punjab news: भगवंत मान ने बताया लोकतंत्र पर हमला
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ED की कार्रवाई केवल गैर-भाजपा शासित राज्यों में ही क्यों हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की आवाज उठाने वालों को डराने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। मान ने कहा कि पंजाब की जनता डरने वाली नहीं है और अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़ी रहेगी।
Punjab news: ‘तानाशाही’ के आरोप और चुनावी कनेक्शन
AAP के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने ED की कार्रवाई को तानाशाही करार दिया और इसे पंजाब चुनाव से जोड़कर देखा। वहीं दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा हर चुनाव से पहले इसी तरह की कार्रवाई करती है, जो एक तय पैटर्न बन चुका है।
आतिशी और अनुराग ढांडा का भी बयान
Punjab news: AAP नेता आतिशी ने कहा कि चुनाव से पहले नेताओं को निशाना बनाना भाजपा की घबराहट को दिखाता है। वहीं पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक सैकड़ों छापों के बावजूद कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है, ऐसे में यह कार्रवाई केवल राजनीतिक मकसद से की जा रही है।
यह भी पढ़ें: लोकसभा में महिला आरक्षण बिल फेल: बहुमत मिला, लेकिन 2/3 का आंकड़ा नहीं पार



