ईरान-इजरायल जंग में बड़ा हमला: अमेरिका-इजरायल ने ईरान का B1 ब्रिज उड़ाया, बगदाद में भी खतरे की घंटी
B1 ब्रिज पर हमला, मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव ईरान ने जारी की तबाही की तस्वीरें बगदाद में हमले का अलर्ट, अमेरिका ने नागरिकों को चेताया

ईरान और इजरायल के बीच एक महीने से ज्यादा समय से जारी जंग अब और खतरनाक मोड़ लेती दिख रही है। दोनों तरफ से लगातार हमले हो रहे हैं, लेकिन गुरुवार को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर बड़ा हमला किया। इस हमले में करज स्थित B1 ब्रिज को निशाना बनाया गया, जिससे इलाके में भारी नुकसान हुआ और कई जगहों पर बिजली तक चली गई।
B1 ब्रिज था मिडिल ईस्ट का बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट
बताया जा रहा है कि जिस B1 ब्रिज को निशाना बनाया गया, वह मिडिल ईस्ट के सबसे ऊंचे पुलों में से एक था। ईरान के अल्बोर्ज़ प्रांत के करज में बन रहा यह पुल करीब 1050 मीटर लंबा था और इसके निर्माण में लगभग 400 मिलियन डॉलर खर्च हुए थे। यह प्रोजेक्ट लगभग पूरा होने वाला था, लेकिन हमले में इसका बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
ईरानी मीडिया ने शेयर की तबाही की तस्वीरें
हमले के बाद ईरानी मीडिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। प्रेस टीवी की तरफ से जारी तस्वीरों में पुल का बड़ा हिस्सा टूटता हुआ दिखाई दे रहा है। ईरान ने इसे अपनी इंजीनियरिंग उपलब्धि पर हमला बताते हुए अमेरिका और इजरायल को जिम्मेदार ठहराया है।
बगदाद में बढ़ा खतरा, अमेरिका ने जारी की चेतावनी
इधर, इस जंग का असर अब इराक तक पहुंचता दिख रहा है। अमेरिका ने बगदाद में रह रहे अपने नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी है। अमेरिकी दूतावास ने चेतावनी दी है कि अगले 24 से 48 घंटों में राजधानी में बड़े हमले हो सकते हैं।
ईरान समर्थक गुट कर सकते हैं हमला
अमेरिका के मुताबिक, इराक में सक्रिय ईरान समर्थक हथियारबंद गुट बगदाद के मध्य इलाकों को निशाना बना सकते हैं। दूतावास ने यह भी कहा है कि इन मिलिशिया गुटों की तरफ से हमले की योजना बनाई जा रही है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।



