कुशीनगर में डबल हादसा, मेले में झूला टूटा, ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में गिरी
मेले में झूला टूटने से 12 लोग घायल, मचा हड़कंप दूसरे हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में गिरी, 4 महिलाओं की मौत 30 से ज्यादा लोग घायल, कई की हालत गंभीर, जांच जारी

Up news: कुशीनगर के खड्डा इलाके में बुधवार रात भैंसहा मेले के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मेले में चल रहा एक झूला अचानक टूटकर गिर पड़ा, जिससे करीब 12 लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झूले में चार चक्कर के बाद ही खराबी आ गई थी, लेकिन ऑपरेटर ने इसे नजरअंदाज कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कई घायलों को जिला अस्पताल रेफर
खड्डा के विधायक विवेकानंद पांडे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। जिन घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर संभव था, उनका वहीं इलाज किया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्रशासन का कहना है कि सभी को बेहतर इलाज मुहैया कराने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने झूला गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने मेले में मौजूद लोगों से अपील की है कि वे बचाव कार्य में सहयोग करें। मौके पर मेडिकल टीम, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों को तुरंत तैनात कर दिया गया, जिससे स्थिति को काबू में लाया जा सके।
नहर में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 4 महिलाओं की मौत
इसी बीच एक और दर्दनाक हादसा सामने आया। श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बड़ी गंडक नहर में गिर गई, जिसमें चार महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मीरा देवी, विमला देवी, किसमति देवी और सरिता देवी के रूप में हुई है। इस हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 14 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि ये सभी श्रद्धालु महराजगंज के बड़हरा से भैंसहा दुर्गा मंदिर मेले में शामिल होने जा रहे थे। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और प्रशासन लगातार राहत व बचाव कार्य में जुटा हुआ है।



