ईरान-इजरायल टकराव तेज: ट्रंप रुके, लेकिन नेतन्याहू ने साफ कहा हमले जारी रहेंगे
ट्रंप ने हमले टाले, इजरायल ने जारी रखी कार्रवाई ईरान-लेबनान में बढ़ा सैन्य तनाव बातचीत से इनकार, बाजार में अनिश्चितता बरकरार

Iran crisis: अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump भले ही ईरान के पावर प्लांट पर कार्रवाई को 5 दिनों के लिए टालने की बात कर रहे हों, लेकिन इजरायल ने अपने इरादे बिल्कुल साफ कर दिए हैं। इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu ने बताया कि उनकी ट्रंप से बातचीत हुई है। ट्रंप का मानना है कि अब तक अमेरिकी सेना की उपलब्धियों का फायदा उठाकर एक समझौता किया जा सकता है, जिससे युद्ध के मकसद पूरे हों और दोनों देशों के अहम हित सुरक्षित रहें।
इजरायल का साफ संदेश—हमले नहीं रुकेंगे
नेतन्याहू ने दो टूक कहा कि इजरायल ईरान और लेबनान दोनों जगह अपने ऑपरेशन जारी रखेगा। उनका कहना है कि मिसाइल और परमाणु कार्यक्रम को खत्म करना उनकी प्राथमिकता है। साथ ही लेबनान में हिज्बुल्लाह के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई हो रही है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में दो परमाणु वैज्ञानिकों को भी मार गिराया गया है और आगे भी ऑपरेशन जारी रहेगा।
Hormuz Strait पर ट्रंप ने बढ़ाया समय
इस बीच Donald Trump ने Strait of Hormuz को खोलने की समय सीमा बढ़ा दी है और ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर हमले को फिलहाल 5 दिन के लिए टाल दिया है। ट्रंप का कहना है कि अमेरिका ईरान के एक “सम्मानित” नेता से बातचीत कर रहा है। किसी भी संभावित डील में ईरान के परमाणु कार्यक्रम को खत्म करना शामिल होगा, जिसमें अमेरिका को समृद्ध यूरेनियम अपने कब्जे में लेने की अनुमति भी मिल सकती है।
ईरान ने बातचीत से किया इनकार
दूसरी तरफ ईरान ने साफ कर दिया है कि वह किसी भी तरह की बातचीत के लिए तैयार नहीं है। ईरान का आरोप है कि अमेरिका पीछे हट रहा है और फेक न्यूज के जरिए बाजार को शांत करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि इन खबरों के बाद तेल की कीमतों में थोड़ी गिरावट और शेयर बाजार में उछाल जरूर देखा गया, लेकिन अनिश्चितता अब भी बनी हुई है।



