मध्य पूर्व संकट में राहत की उम्मीद, ट्रंप के बयान से बाजारों में आई तेजी
मध्य पूर्व तनाव में बड़ी राहत की खबर आई है ट्रंप के बयान से कच्चे तेल और बाजारों में तेजी दिखी ईरान-अमेरिका बातचीत से युद्ध का खतरा फिलहाल टला

Iran crisis: मध्य पूर्व में पिछले 48 घंटों से चल रहा तनाव अब कुछ हद तक कम होता दिख रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ताज़ा बयान के बाद वैश्विक बाजारों में राहत की लहर देखी गई है। कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई है और शेयर बाजारों में भी मजबूती दर्ज की गई है।
ट्रंप के बयान के बाद बदला माहौल
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच पिछले दो दिनों में “अच्छी और रचनात्मक बातचीत” हुई है। पहले जहां उन्होंने ईरान को सख्त चेतावनी दी थी, वहीं अब उनका रुख नरम नजर आ रहा है।
ट्रंप के बयान की 3 अहम बातें
अमेरिकी रक्षा विभाग को ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर संभावित हमलों को 5 दिनों के लिए रोकने का निर्देश दिया गया है। मध्य पूर्व में जारी तनाव को खत्म करने की दिशा में बातचीत आगे बढ़ रही है। पूरे सप्ताह बातचीत जारी रहने की संभावना है, जिससे युद्ध का खतरा फिलहाल टल गया है।
बाजारों पर बड़ा असर
तनाव कम होने की खबर के बाद निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।कच्चे तेल की कीमतों में करीब 11% की गिरावट दर्ज हुई है और यह 97 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया है। अमेरिका का S&P 500 इंडेक्स 2.25% तक उछल गया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, युद्ध का खतरा कम होने से सप्लाई बाधित होने की आशंका खत्म हुई है, जिससे तेल की कीमतों में राहत आई है। इसका फायदा भारत जैसे आयातक देशों को भी मिल सकता है।
ईरान की प्रतिक्रिया
ईरान की ओर से भी बयान सामने आया है। ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति आयोग के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने कहा कि अमेरिका इस स्थिति में पीछे हटता नजर आ रहा है। फिलहाल 5 दिनों के लिए तनाव में कमी जैसी स्थिति बनी हुई है।
आगे क्या हो सकता है?
अगर आने वाले दिनों में बातचीत सफल रहती है, तो न केवल कच्चे तेल की कीमतों में और गिरावट आ सकती है, बल्कि वैश्विक शेयर बाजारों में भी स्थिरता लौटने की उम्मीद है।



