हैदराबाद में प्रतापगढ़ के ड्राइवर की हत्या, खाने के विवाद में साथी ने ले ली जान

मामूली कहासुनी ने लिया खौफनाक रूप, लोहे की रॉड से हमला परिवार में मचा कोहराम, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया वीडियो वायरल, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के चौरंग बगिया गांव में उस वक्त मातम छा गया जब हैदराबाद में काम कर रहे एक ड्राइवर की उसके ही साथी ने बेरहमी से हत्या कर दी। शेषनारायण सिंह, जो अपने बड़े भाई की जगह ट्रक चलाने गए थे, मामूली विवाद में अपनी जान गंवा बैठे। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

 

क्या है पूरा मामला?

शेषनारायण सिंह के बड़े भाई शिव शंकर हैदराबाद में लोडर ट्रक चलाते थे, लेकिन होली पर घर आने के कारण उन्होंने अपने छोटे भाई को अपनी जगह भेज दिया था। लंबी दूरी के सफर के चलते ट्रक पर दो ड्राइवर थे। सोमवार को हैदराबाद की एक पार्किंग में दोनों खाना बना रहे थे, तभी खाने को लेकर मामूली कहासुनी शुरू हो गई।

 

विवाद ने लिया हिंसक रूप

देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि मैनपुरी निवासी साथी ड्राइवर अवनीश चौहान ने गुस्से में आकर लोहे की रॉड से शेषनारायण के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि 40 वर्षीय शेषनारायण की मौके पर ही मौत हो गई।

 

परिवार में मातम, जांच जारी

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को झकझोर दिया है। मृतक अपने पीछे तीन मासूम बच्चों और पत्नी को छोड़ गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। हैदराबाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button