दिल्ली के पालम में भीषण आग, 9 लोगों की मौत, कई लोग झुलसे
पालम में इमारत में लगी भीषण आग, 9 लोगों की मौत कुछ लोग ऊपर से कूदकर बचाए अपनी जान, कई अंदर फंसे रहे दमकल और प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, मजिस्ट्रेट जांच आदेशित

Delhi fire: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान से शुरू हुई और देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग में फैल गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, जिस समय आग लगी उस वक्त इमारत में करीब 18 लोग मौजूद थे। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता आग की चपेट में आ गया, जिससे कई लोग अंदर ही फंस गए। कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए ऊपर से छलांग भी लगाई।
दमकल विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन
दमकल विभाग के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। पालम मेट्रो स्टेशन के पास गली नंबर 2 स्थित इस बिल्डिंग में आग बुझाने के लिए 30 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने और फंसे लोगों को निकालने का काम जारी रहा।
सरकार और पीएम का बयान
इस घटना पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दुख जताते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है।



