दिल्ली: भारत ने काबुल अस्पताल पर पाकिस्तान के हवाई हमले की कड़ी निंदा की
भारत ने काबुल अस्पताल पर पाकिस्तान के हमले की कड़ी निंदा की हमले में 400 से ज्यादा लोगों की मौत, अस्पताल का बड़ा हिस्सा तबाह भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से दोषियों को जवाबदेह ठहराने की अपील की

दिल्ली: भारत ने पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में ओमिद एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल पर सोमवार रात किए गए हवाई हमले की कड़ी निंदा की है। इस हमले में कम से कम 400 लोग मारे गए हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसे बर्बर और कायरतापूर्ण बताया और कहा कि अस्पताल किसी भी स्थिति में सैन्य लक्ष्य नहीं हो सकता।
भारत का बयान
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा: “भारत पाकिस्तान द्वारा 16 मार्च की रात काबुल के ओमिद एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल पर किए गए बर्बर हवाई हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करता है। यह एक कायरतापूर्ण और अकल्पनीय हिंसा का कार्य है, जिसने आम नागरिकों की बड़ी संख्या में जान ली। पाकिस्तान अब इस नरसंहार को सैन्य अभियान का रूप देने की कोशिश कर रहा है।”
दोषियों को जवाबदेह ठहराया जाए
विदेश मंत्रालय ने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस अपराध के दोषियों को जवाबदेह ठहराना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आम नागरिकों पर हमले तुरंत बंद हों। भारत ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति भारत का अटूट समर्थन भी दोहराया।
अस्पताल का बड़ा हिस्सा तबाह
अफगानिस्तान सरकार ने कहा कि पाकिस्तान के हवाई हमले में अस्पताल का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया है और कम से कम 250 लोग घायल हुए हैं। बचाव टीमें आग पर काबू पाने और शव निकालने का काम कर रही हैं। पाकिस्तान ने इन आरोपों से इनकार किया और दावा किया कि उसके हमले किसी भी नागरिक इलाके को निशाना नहीं बनाए।



